Rajya Sabha Election : यूपी और उत्तराखंड के लिए भाजपा ने जारी की नौ उम्मीदवारों की सूची, इन्हें मिला मौका
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए आठ उम्मीदवारों की सूची जारी की है। बता दें कि उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट के लिए राज्यसभा के चुनाव नौ नवंबर को होने हैं। इसके लिए नामांकन भरने की अंतिम तारीख कल है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। भाजपा ने राज्यसभा की 11 सीटों के लिए नौ प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। उत्तर प्रदेश से 10 और उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए नौ नवंबर को चुनाव होना है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह और नीरज शेखर को फिर प्रत्याशी बनाया है। ये तीनों अभी भी उत्तर प्रदेश से ही राज्यसभा सदस्य हैं। इनके अलावा भाजपा ने हरिद्वार दूबे, बृजलाल, गीता शाक्य, बीएल वर्मा और सीमा त्रिवेदी को उत्तर प्रदेश से प्रत्याशी बनाया है। उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा ने नरेश बंसल को उम्मीदवार घोषित किया है।
राज्यसभा की 11 सीटों पर चुनाव के बाद संसद के उच्च सदन में समीकरण बदल जाएगा। भाजपा को ज्यादातर सीटें मिलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में दलगत स्थिति के मुताबिक समाजवादी पार्टी सिर्फ एक सीट पर जीत सकती है। सपा रामगोपाल यादव को फिर से राज्यसभा भेज रही है। इसके अलावा अगर विपक्ष संयुक्त प्रत्याशी उतारता है तो उसके जीतने की संभावना है। लेकिन फिलहाल ऐसा नजर नहीं आ रहा। ऐसे में भाजपा को उत्तर प्रदेश से नौ सीटों पर जीत मिलने की पूरी संभावना है।
उत्तराखंड की इकलौती सीट पर भी भाजपा की जीत पक्की है। इस चुनाव के बाद भाजपा राज्यसभा में बहुमत के और करीब पहुंच जाएगी। उत्तर प्रदेश से आगामी नवंबर महीने में 10 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। इन नेताओं में भाजपा के अरुण सिंह, नीरज शेखर, हरदीप सिंह पुरी, समाजवादी पार्टी के जावेद अली खान, राम गोपाल यादव, चंद्रपाल सिंह यादव, रवि प्रकाश वर्मा, बसपा के राजाराम, वीर सिंह, कांग्रेस के पीएल पुनिया जैसे दिग्गज शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की दस सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार रामजी गौतम ने सोमवार को अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा और विधानमंडल दल नेता लालजी वर्मा समेत बसपा के सभी 18 विधायक मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी ने प्रो. राम गोपाल यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। वह अपना नामांकन भी दाखिल कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव की घोषणा 13 अक्टूबर को की थी। चुनाव की अधिसूचना 20 अक्टूबर को जारी की गई है। नामांकन 27 अक्टूबर यानी कल तक भरे जाएंगे। 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की होगी। नाम वापसी की तारीख दो नवंबर है। नौ नवंबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक वोटिंग होगी और इसी दिन शाम को पांच बजे से मतगणना होगी और नतीजे जारी होंगे।