बिग बॉस फेम अर्शी खान ने कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद कह दी ये बड़ी बात
अर्शी ने बीती 28 फरवरी को महाराष्ट्र में कांग्रेस की सदस्यता ली थी। साथ ही उन्हें मुंबई कांग्रेस का उपाध्यक्ष भी बनाया गया था।
नईदुनिया, भोपाल। बिग बॉस फेम अर्शी खान ने कहा है कि कांग्रेस ने मुझे पद दिया। इसलिए मैं कांग्रेस के साथ हूं। यह मौका यदि भाजपा ने दिया होता तो मैं उसके साथ होती। मैं राजनीति में पद के साथ समझौता नहीं कर सकती। अर्शी खान शनिवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पत्रकारों से बात कर रही थीं।
गौरतलब है कि अर्शी ने बीती 28 फरवरी को महाराष्ट्र में कांग्रेस की सदस्यता ली थी। साथ ही उन्हें मुंबई कांग्रेस का उपाध्यक्ष भी बनाया गया था। अर्शी से जब पूछा गया कि किस विचारधारा से प्रेरित होकर कांग्रेस की सदस्यता ली तो उन्होंने कहा कि उन्होंने नहीं बल्कि कांग्रेस ने उन्हें ज्वाइन किया है। साथ ही उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव में अपनी जिम्मेदारी को लेकर जल्द ही पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगी।
उन्होंने कहा कि भोपाल लोकसभा सीट से जो भी उम्मीदवार कांग्रेस चुनेगी, उसके लिए वह भोपाल में प्रचार भी करेंगी। अर्शी ने एक सवाल के जबाव में कहा कि ग्लैमर की दुनिया के साथ ही हर जगह प्रतियोगिता है। इनमें अपना स्थान बनाने के लिए प्रतिद्वंद्वियों से सीधा सामना होता है। उन्होंने बताया कि यदि सफलता चाहिए तो प्रतियोगिता का सामना तो करना ही पड़ेगा। समाज में महिलाओं के प्रति अपराध, पुरुष प्रधान सोच व गंदी मानसिकता के विरुद्ध काम करेंगे। इसके अलावा बेरोजगारी, धर्म निरपेक्षता, जातिवाद, तीन तलाक जैसे मुद्दों पर काम करेंगी।
शिवसेना से मुझे प्यार है
राजनीति में भले ही कांग्रेस और शिव सेना दोनों ही दल एक-दूसरे के विरोधी हों, लेकिन अर्शी खान का कुछ और ही मानना है। अर्शी ने बताया कि उन्हें शिवसेना से प्यार है। महाराष्ट्र में शिवसेना का ऐसा आधार है कि इससे दुश्मनी लेंगे तो गलत होगा।