बाबा रामदेव बोले, मोदी सरकार को कीमतें कम न करना पड़ेगा महंगा
रामदेव ने कहा कि सरकार को पेट्रोल और डीजल के दामों को जीएसटी के दायरे में लाना चाहिए और उसकी दर सबसे कम रखनी चाहिए।
नई दिल्ली, प्रेट्र। योग गुरु बाबा रामदेव ने मोदी सरकार को चेताते हुए कहा है कि अगर देश में बढ़ती कीमतों पर जल्द काबू नहीं किया गया तो अगला आम चुनाव उसे बहुत महंगा पड़ेगा। रामदेव ने कई मुद्दों पर पूरी तरह से पलटी मारते हुए कहा कि वह 2019 के चुनाव में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार नहीं करेंगे। 2014 में उन्होंने मोदी के पक्ष में जमकर चुनाव प्रचार किया था।
कीमतें बढ़ना बड़ा मुद्दा
रामदेव ने रविवार को एक समाचार चैनल पर एक कार्यक्रम में कहा कि मोदी सरकार की नीतियों की बहुत लोग तारीफ करते हैं लेकिन कुछ सुधार की भी जरूरत है। कीमतें बढ़ना एक बड़ा मुद्दा है और मोदी जी को जल्द ही सुधारात्मक कदम उठाने होंगे। अगर इसमें विफल रहे तो महंगाई की आग तो मोदी सरकार को बहुत महंगी पड़ेगी। पेट्रोल और डीजल समेत उन्हें जल्द ही वस्तुओं की कीमतों को कम करना होगा।
मध्य मार्ग पर चलता हूं
रामदेव ने कहा कि वह ना तो दक्षिणपंथी हैं और ना ही वामपंथी हैं। वह तो मध्य मार्ग पर चलते हैं। उन्हें कई सुइयां न चुभाए क्योंकि उन्होंने कई अहम मुद्दों पर मौन योग धारण किया है। रामदेव ने कहा कि वह राष्ट्रवादी हैं।
भाजपा के लिए प्रचार नहीं करने वाला
52 वर्षीय बाबा ने भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करने के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि मैं क्यों करूंगा। मैं उनके लिए प्रचार नहीं करने वाला। मैं राजनीति से पीछे हट गया हूं। मैं सभी दलों के साथ हूं और स्वतंत्र हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करना जनता का मौलिक अधिकार है। हालांकि उन्होंने अच्छा काम किया है। स्वच्छता अभियान और कोई बड़ा घोटाला न होने देना उनकी बड़ी उपलब्धि है।
रामदेव ने कहा कि सरकार को पेट्रोल और डीजल के दामों को जीएसटी के दायरे में लाना चाहिए और उसकी दर सबसे कम रखनी चाहिए। ताकि लोगों की खाली हो चुकी जेबों को कुछ राहत मिले।
नग्नता कतई समर्थन नहीं करते
बाबा रामदेव ने देश को दुष्कर्म की राजधानी करार दिए जाने को भी शर्मनाक बताते हुए कहा कि इससे बचाव के लिए योग की मदद ली जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नग्नता भी बढ़ते अपराधों का एक कारण है और वह इसका कतई समर्थन नहीं करते हैं। हम सभ्य समाज में रहते हैं। आधुनिकता का मतलब नग्नता नहीं है।