सीएए के समर्थन में भाजपा का जागरूकता अभियान, सुप्रियो ने कहा- विपक्ष कर रहा झूठ का प्रचार
विपक्षी दलों ने साजिश के तहत मुस्लिम समाज को सीएए के खिलाफ भड़काया और किराये के गुंडों के जरिये हिंसा कराई।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। भाजपा नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में देश के ज्यादातर राज्यों में लोक जागरूकता अभियान चला रही है। इस दौरान पदयात्रा, तिरंगा यात्रा और रैलियों के साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को कानून के बारे में सही जानकारी दी जा रही है।
सुप्रियो ने राहुल और वामपंथियों पर साधा निशाना
भाजपा नेता और कार्यकर्ता न केवल सीएए के समर्थन में मीटिंग आयोजन कर रहे हैं बल्कि विरोध करने वाली विपक्षी पार्टियों को आइना भी दिखा रहे हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के भिलाई में केंद्रीय राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को इटालियन और वामपंथियों को चीनी भाषा में सीएए के बारे में समझाना चाहिए।
भाजपा ने सीएए को लेकर विपक्षी दलों पर बोला हमला
मध्य प्रदेश में भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा, पंजाब में जम्मू-कश्मीर के पूर्व उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह और उत्तर प्रदेश के अयोध्या में प्रदेश के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सीएए को लेकर विपक्षी दलों पर करारा हमला बोला।
भिलाई में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री बाबुल
सीएए को लेकर चल रहे आंदोलन पर अपनी बात रखने के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु विभाग के केंद्रीय राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो मंगलवार को भिलाई पहुंचे। यहां वे नंदिनी रोड से हाउसिंग बोर्ड कालीबाड़ी तक आयोजित तिरंगा रैली में शामिल हुए।
बाबुल ने विपक्षी पार्टियों पर सीएए को लेकर झूठ का प्रचार करने का लगाया आरोप
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस, वामपंथी सहित अन्य विपक्षी पार्टियों पर सीएए को लेकर झूठ का प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सीएए का कानून इतना सरल है फिर भी ये विपक्षियों को समझ नहीं आ रहा है। लग रहा है कि राहुल गांधी को इटालियन और वामपंथियों को चीनी भाषा में सीएए समझाना पड़ेगा।
राजनीति के लिए खूनखराबा करने वाली पार्टी है कांग्रेस: झा
मध्य प्रदेश के खंडवा में भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि सीएए का कांग्रेस द्वारा दुष्प्रचार कि या जा रहा है। विरोध तो वे लोग करते हैं, जिनकी जमीन खिसक गई हो। देश को लहूलुहान करने वाली घटनाओं के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। कांग्रेस ने अपनी राजनीति के लिए देश में खून खराबा कि या है। झा मंगलवार को मीडिया से चर्चा कर रहे थे।
भ्रमित कर रही कांग्रेस: निर्मल सिंह
पंजाब में मंगलवार को सीएए के समर्थन में भाजपा और अन्य संगठनों ने जागरूकता रैलियां निकालीं। लुधियाना में जम्मू-कश्मीर के पूर्व उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने रैली का नेतृत्व किया। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाकर देश में अशांति फैलाना चाहती है, लेकिन उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया जाएगा।
विपक्षी दलों ने साजिश के तहत मुस्लिमों को भड़काया : स्वामी
अयोध्या में उत्तर प्रदेश के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सीएए को लेकर विपक्षी दलों पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने साजिश के तहत मुस्लिम समाज को सीएए के खिलाफ भड़काया और किराये के गुंडों के जरिये हिंसा कराई। हरदोई के सर्कुलर मार्ग स्थित एक हॉल में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य व पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि देश में सीएए लागू होने के नाम पर मुस्लिम समाज को भड़काने का षड्यंत्र रचा गया।