Atmanirbhar Madhya Pradesh Roadmap 2023: शिवराज चौहान ने 2023 तक मप्र को आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप किया जारी
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एलान किया कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश में रोजगार पर ध्यान लगाया जाएगा। कुटीर उद्योगों को बढ़ाया जाएगा। इसमेंबिजली सड़क पानी खेती गरीब के कल्याण पर ध्यान रहेगा। महिला स्व सहायता समूह के तैयार उत्पाद की ब्रांडिंग भी सरकार द्वारा की जाएगी।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। छह माह के लंबे मंथन और उपचुनाव से छुट्टी पाते ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश 2023' का रोडमैप जारी कर दिया। उन्होंने गुरुवार को भोपाल के मिंटो हॉल में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि यह चुनौती को अवसर में बदलने का रोडमैप है। इसमें दावा किया गया है कि किसानों की आय दोगुनी करने के साथ रोजगार के मौके बढ़ाए जाएंगे। साथ ही निवेश को बढ़ावा देने के साथ कृषि को प्रसंस्करण से जोड़ा जाएगा। इस मौके पर सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मुख्यसचिव इकबाल सिंह बैंस भी उपस्थित रहे। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के 20 हजार हितग्राहियों को मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट वेंडर ऋण योजना के तहत ऑनलाइन 20 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण बांटा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल एक्सप्रेस वे (अटल प्रोग्रेस वे) और नर्मदा एक्सप्रेस वे सिर्फ सड़क ही नहीं बल्कि विकास के मार्ग होंगे। इनके दोनों ओर औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। निवेश को बढ़ावा देने के साथ जरूरी धनराशि का इंतजाम बजट के बाहर से किया जाएगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यटन को बढ़ावा देकर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने का भी दावा किया गया।
खाली हो गया था खजाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोनाकाल में आर्थिक चुनौतियां थीं। खजाना खाली था। अधिकारियों ने कर्मचारियों का वेतन काटने का प्रस्ताव दिया जिसे हमने नकारा। अब स्थितियां धीरे-धीरे सुधर रही हैं। कोई भी मुख्यमंत्री यह नहीं कह सकता है कि मैं क्या करूं?
तीन साल में देश का अग्रणी राज्य बनेगा मध्य प्रदेश
नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत ने मुख्यमंत्री की तारीफ में कहा, जब सभी राज्यों का ध्यान कोरोना महामारी पर ही था, तब मध्य प्रदेश ने आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप बनाया। यह विकास का रोडमैप होगा। मध्य प्रदेश देश के केंद्र में है और यहां लॉजिस्टिक हब तैयार किया जा सकता है।