अरुण जेटली की सेहत को लेकर राहुल गांधी समेत ये विपक्षी नेता भी चिंतित
इन दिनों भाजपा के कई वरिष्ठ नेता बीमार चल रहे हैं। पहले मनोहर पर्रीकर बीमार हुए उसके बाद अब अमित शाह को स्वाइन फ्लू हुआ है। वहीं रविशंकर प्रसाद भी एम्स में भर्ती हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। वित्त मंत्री अरुण जेटली गुर्दा संबंधी अपनी बीमारी की जांच के लिए अचानक रविवार की रात अमेरिका रवाना हो गए। ऐसा बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर जेटली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। इस कारण वह 1 फरवरी को पेश होने वाला अंतरिम बजट भी संभवतः पेश नहीं कर सकेंगे।
नेशनल कांफ्रेंस (एनसी) के नेता उमर अब्दुल्ला ने भी अरुण जेटली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही अपने साथियों को भी अरुण जेटली के लिए दुआ करने की अपील की है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस जेटली के साथ है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, 'यह सुनकर दुखी हूं कि जेटली जी अस्वस्थ हैं। हम उनके विचारों को लेकर उनसे हर रोज लड़ते हैं। बहरहाल, मैं और कांग्रेस पार्टी की तरफ से कामना करता हूं कि वह शीघ्र स्वस्थ हों। जेटली जी, इस मुश्किल वक्त में हम आपके और आपके परिवार के साथ हैं।'
इसी तरह पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी जेटली के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है। चिदंबरम ने लिखा है कि यह जानकर में गहरे दुख में हूं कि जेटली जी इलाज के लिए अमेरिका गए हैं। मैं उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं। राहुल गांधी के ट्वीट को राजद प्रमुख लालू यादव ने भी रिट्वीट किया है और जेटली के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है।
बता दें कि इन दिनों भाजपा के कई वरिष्ठ नेता बीमार चल रहे हैं। पहले मनोहर पर्रीकर बीमार हुए उसके बाद अब अमित शाह को स्वाइन फ्लू हुआ है। वहीं रविशंकर प्रसाद भी एम्स में भर्ती हैं। खबरों के अनुसार जेटली पहले से ही किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे और इसके कारण उनका किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था। वो इसी के इलाज के लिए रविवार को अमेरिका गए थे। वह कब लौटेंगे, इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है। इस कारण वह 1 फरवरी को पेश होने वाला अंतरिम बजट भी संभवतः पेश नहीं कर सकेंगे।
अमित शाह ने खुद ट्वीट कर स्वाइन फ्लू होने की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'मुझे स्वाइन फ्लू हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। ईश्वर की कृपा, आप सभी के प्रेम और शुभकामनाओं से शीघ्र ही स्वस्थ हो जाऊंगा।' एम्स के अनुसार, उन्हें बुखार, सांस लेने में तकलीफ व सीने में परेशानी के कारण एम्स लाया गया।
गौरतलब है कि जेटली रविवार रात को ही अमेरिका रवाना हो गए थे लेकिन तब सिर्फ यह जानकारी सामने आई थी कि वो किडनी से जुड़ी बीमारी के इलाज के लिए अमेरिका गए हैं। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। उन्हें पिछले साल अप्रैल में एम्स में भर्ती कराया गया था जहां पर वह डायलसिस पर थे। बाद में 14 मई 2018 को उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। इस दौरान, रेलवे और कोयला मंत्री पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।