By-elections: तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव की तारीख का ऐलान; जानें किन सीटों पर फिर छिड़ेगा चुनावी दंगल
देश के छह राज्यों में उपचुनाव आयोजित करने के लिए चुनाव आयोग में तारीख का ऐलान कर दिया है। दिल्ली पंजाब त्रिपुरा उत्तर प्रदेश आंध्र प्रदेश समेत झारखंड में संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव 23 जून 2022 को कराए जाएंगे।
नई दिल्ली, एजेंसियां: देश के छह राज्यों में तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव 23 जून को होंगे। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को यह जानकारी दी। लोकसभा सीटों में उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ और रामपुर हैं जो क्रमश: समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और मोहम्मद आजम खान के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद खाली हुई हैं। एक लोकसभा सीट पंजाब के संगरूर की है जिसे भगवंत मान ने राज्य का मुख्यमंत्री बनने के बाद छोड़ा है।
जिन सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे, उनमें दिल्ली की राजेंद्र नगर सीट है जो आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा ने राज्यसभा सदस्य बनने के बाद छोड़ी है। अन्य विधानसभा सीटों में झारखंड की मंदार, आंध्र प्रदेश की अतमाकुर और त्रिपुरा की अगरतला, टाउन बोरदोवाली, सुरमा और जुबराजगनर सीट हैं। निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा कि मतगणना 26 जून को होगी और उपचुनाव के लिए अधिसूचना 30 मई को जारी की जाएगी।
पंजाब में एक बार फिर चुनावी बिगुल बज गया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद भगवंत मान द्वारा संगरूर लोकसभा सीट से इस्तीफा देने के कारण यहां उपचुनाव होगा। विधानसभा की तरह ही इस बार यह पहला मौका होगा जब लोकसभा के उपचुनाव के लिए चार प्रमुख राजनीतिक पार्टियां चुनाव मैदान में होंगी, लेकिन सबसे बड़ी परीक्षा सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को देनी होगी। पंजाब में नई प्रदेश सरकार के बनने के तीन माह 13 दिन बाद उपचुनाव के लिए 23 जून को मतदान होगा। प्रत्याशी को लेकर अब तक किसी भी पार्टी ने पत्ते नहीं खोले हैं। उल्लेखनीय है कि संगरूर लोकसभा सीट पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लगातार दो बार 2014 और 2019 में चुनाव जीता। 2019 में भगवंत मान ही एक मात्र ऐसे प्रत्याशी थे जिन्होंने लोकसभा में आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधित्व किया।