राजस्थान के बाद आंध्र प्रदेश ने घटाए दाम, कल से 2 रुपये सस्ता मिलेगा पेट्रोल-डीजल
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घोषणा करते हुए कहा कि दो रुपये प्रति लीटर पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती की जाएगी।
नई दिल्ली, एएनआइ। राजस्थान के बाद आंध्र प्रदेश ने पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती की है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घोषणा करते हुए कहा कि दो रुपये प्रति लीटर पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती की जाएगी। दो दिन में दो राज्य में पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती है। इससे अन्य राज्यों पर कटौती कर लोगों को राहत देने का दबाव है।
राजस्थान ने पेट्रोल-डीजल पर 4 फीसदी वैट कम किया
वसुंधरा सरकार ने विधानसभा चुनावों से पहले बड़ा फैसला किया है। इसके तहत पेट्रोल-डीजल पर 4 फीसदी वैट कम किया गया है। ऐसा करने वाली वह पहली राज्य सरकार बनी है। इससे करीब 2.50 रुपये प्रति लीटर डीजल-पेट्रोल सस्ता होगा। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर 10 सितंबर यानि सोमवार को भारत बंद का ऐलान किया है। साथ ही डीएमके, एनसीपी, आरजेडी, सपा और एमएनएस सहित देश की करीब 20 छोटी-बड़ी विपक्षी पार्टियों के समर्थन का दावा भी किया है।
जल्द ही पंजाब और कर्नाटक में सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल
पंजाब और कर्नाटक में पेट्रोल-डीजल जल्द सस्ता हो सकता है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की हिमाचल प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने रविवार को यह जानकारी यहां दी। पाटिल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस शासित पंजाब और कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों को पेट्रोलियम उत्पादों पर मूल्य वर्धित कर (वैट) कम करने के लिए पहले ही कहा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वीरभद्र सिंह की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने वैट में दो प्रतिशत की कमी की थी। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के दौरान कच्चे तेल का दाम काफी उच्च स्तर पर था पर इसके बाद भी देश में पेट्रोलियम उत्पादों की दरें कम थीं।