आनंदी बेन पटेल आज पहुंचेगी मध्य प्रदेश, शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर अटकलें हुईं और तेज
भाजपा सूत्रों का कहना है कि मंत्रियों के चयन के साथ जो मुद्दा नहीं सुलझ रहा है वह विधानसभा अध्यक्ष और उप-मुख्यमंत्री बनाए जाने का है।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश के शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार एक बार फिर टल गया है। इसके संकेत खुद मुख्यमंत्री ने मंगलवार की शाम को मीडिया को दिए। उन्होंने एक-दो दिन के भीतर मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना जताई है। इधर, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बुधवार को भोपाल आएंगी। पटेल को मध्य प्रदेश का कार्यवाहक राज्यपाल नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश एके मित्तल उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
दो दिन बाद लौटे शिवराज
मुख्यमंत्री दो दिन दिल्ली में रकने के बाद मंगलवार को सुबह भोपाल लौट आए। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत भी वापस आए। तीनों दिग्गज रविवार से केंद्रीय नेतृत्व के साथ मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बातचीत कर रहे थे, लेकिन सभी मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई थी। यही वजह थी कि सीएम और भाजपा ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मौन साधे रखा। शाम को एक बार फिर मुख्यमंत्री ने प्रदेश भाजपा कार्यालय जाकर शर्मा और भगत के साथ मंत्रणा की।
उप-मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष का पेच
भाजपा सूत्रों का कहना है कि मंत्रियों के चयन के साथ जो मुद्दा नहीं सुलझ रहा है, वह विधानसभा अध्यक्ष और उप-मुख्यमंत्री बनाए जाने का है। शिवराज, पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव को विधानसभा अध्यक्ष बनवाना चाहते हैं, लेकिन सहमति नहीं बन पा रही है। इधर, दो उप-मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर भी अब तक सत्ता-संगठन के बीच समन्वय नहीं बन पाया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि हाइकमान ने सिंधिया खेमे से कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट और गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को उप-मुख्यमंत्री बनाने का विकल्प प्रदेश नेतृत्व को दिया है पर दोनों ही मसलों पर दिल्ली में सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद भोपाल में फिर तीनों के बीच चर्चा हुई।
सिंधिया का दौरा फिर टला
पिछले दो दिन में पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का भोपाल आने का कार्यक्रम दूसरी बार रद कर दिया गया है। मंगलवार को जारी कार्यक्रम में सिंधिया बुधवार को भोपाल आने वाले थे, लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार के टलने के बाद उन्होंने भी अपना दौरा रद कर दिया।
संजय पाठक और भूपेंद्र सिंह भी भाजपा मुख्यालय पहुंचे
मंत्रिमंडल विस्तार की खबरों के बीच पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह और संजय पाठक शाम को प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे। दोनों की प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ अलग-अलग एक-एक घंटे की बातचीत हुई। इसे भी मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। भूपेंद्र सिंह फिलहाल चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक भी हैं। आनंदीबेन की अगवानी करेंगे शिवराज बुधवार को जब कार्यवाहक राज्यपाल आनंदीबेन भोपाल पहुंचेंगी तब स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उनकी अगवानी करेंगे। आनंदीबेन का शपथ ग्रहण समारोह शाम साढ़े चार बजे राजभवन में होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों की राजभवन के अफसरों के साथ बैठक भी हो चुकी है।