क्या राहुल ने मोदी के खिलाफ पाक के साथ महागठबंधन बनाया है : शाह
शाह ने सवाल किया है कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष ने पाकिस्तान के साथ महागठबंधन तैयार किया है, क्योंकि दोनों कह रहे हैं मोदी हटाओ।
नई दिल्ली [जेएनएन]। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल किया है कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष ने पाकिस्तान के साथ महागठबंधन तैयार किया है, क्योंकि दोनों कह रहे हैं मोदी हटाओ।
राहुल को निशाने पर लेने के लिए शाह ने पाकिस्तान के मंत्री फवाद हुसैन के ट्वीट का इस्तेमाल किया है। हुसैन ने कांग्रेस अध्यक्ष के राफेल सौदे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करने वाले ट्वीट को टैग किया है। पाकिस्तान के मंत्री ने कहा है वे 'पाकिस्तान के खिलाफ भाजपा के नेतृत्व में की जाने वाली निंदा' की व्याख्या करें।
शाह ने ट्वीट किया है 'राहुल गांधी कहते हैं मोदी हटाओ। पाकिस्तान कहता है मोदी हटाओ। अब पाकिस्तान भी प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ राहुल गांधी के निराधार आरोपों का समर्थन कर रहा है। क्या कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय महागठबंधन बनाया है?'
कांग्रेस का पलटवार, भ्रष्टाचार पर फंसते ही पाकिस्तान याद आता है
वहीं, अमित शाह के इस ट्वीट के बाद कांग्रेस कोर कमेटी के नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पलटवार करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'अमित शाह जी, कांग्रेस को किसी से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है। कृपा अपनी जानकारी दुरुस्त कर लें, कांग्रेस ने साल 1947, 1965 और 1971 में पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया था। आप पाकिस्तान को तभी बीच में लाते हैं जब भ्रष्टाचार के मुद्दों पर देने के लिए कोई जवाब नहीं होता।'