एकता दिवस पर सुरक्षा बलों के दफ्तरों में लगाई जाए सरदार पटेल की तस्वीर: अमित शाह
इसी महीने 31 तारीख को सरदार पटेल का जन्मदिन है। गृहमंत्री अमित शाह ने सभी केंद्रीय सुरक्षा बलों को उनके दफ्तरों में सरदार पटेल की तस्वीरें लगाने को कहा है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने सीआरपीएफ व बीएसएफ समेत सभी केंद्रीय सुरक्षा बलों को उनके दफ्तरों में सरदार वल्लभभाई पटेल की तस्वीरें लगाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इसी महीने की 31 तारीख को सरदार पटेल का जन्मदिन भी है। गृहमंत्री ने सभी केंद्रीय सुरक्षा बलों को उनके दफ्तरों में सरदार पटेल की तस्वीरें लगाने के साथ ही हिंदी में यह संदेश भी लिखवाने के लिए कहा है कि भारत की सुरक्षा और एकता को हम अक्षुण्ण रखेंगे। पटेल भारत के पहले गृहमंत्री व उप प्रधानमंत्री थे। उन्होंने 560 से ज्यादा देसी रियासतों का भारत में विलय करवाया था।
31 अक्टूबर को मनाया जाता है एकता दिवस
बता दें कि 31 अक्टूबर को एकता दिवस के मौके पर एक खास कार्यक्रम आयोजित किए गया है। 370 हटाने के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर को देश का अभिन्न हिस्सा बनाये जाने पर गृह मंत्रालय इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। सरदार पटेल के जन्म दिन पर यह कार्यक्रम ‘Statue of Unity' पर होगा। इस कार्यक्रम में देश भर से हजारों लोग शामिल होंगें। वहीं, कार्यक्रम में पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद होंगे।
पटेल के नाम पर पुरस्कार का ऐलान
मालूम हो कि हाल ही में भारत सरकार ने भारत की एकता और अखंडता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सरदार पटेल के नाम पर सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार देने का ऐलान किया था। ये सम्मान विशेष स्थिति और अत्यधिक सुयोग्य मामलों को छोड़कर मरणोपरांत प्रदान नहीं किया जाएगा। इस पुरस्कार के साथ कोई भी मौद्रिक राशि या नकद पुरस्कार नहीं होगा।
यह भी पढ़ें: Promotion on Wheels: बॉलीवुड को पसंद आई भारतीय रेल, फिल्म निर्माताओं की लगी लंबी लाइन
यह भी पढ़ें: Afghanistan Blast: मस्जिद के अंदर बड़ा धमाका, नमाज पढ़ रहे 62 लोगों की मौत, 36 घायल