राजस्थान में हर्षोल्लास से मनाया गया 71वां गणतंत्र दिवस समारोह
सचिन पायलट ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई मंत्री व विधायक मौजूद रहे।
जागरण संवाददाता, जयपुर। 71वां गणतंत्र दिवस समारोह रविवार को जयपुर सहित पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास से मनाया गया। राज्य स्तरीय समारोह राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। इस समारोह में राज्यपाल कलराज मिश्र ने झंडारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने अपने संबोधन में देश के मान और सम्मान को कायम रखने के लिए प्रदेशवासियों से संकल्प लेने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा- प्रदेश और देश को आगे बढ़ाना हम सबका कर्तव्य है
उन्होंने आजादी को स्वतंत्रता सेनानियों का बड़ा तोहफा बताते हुए कहा कि प्रदेश और देश को आगे बढ़ाना हम सबका कर्तव्य है। राज्यपाल ने राजभवन में भी ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने राजभवन के अधिकारियों-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने आवास पर झंडारोहरण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री व उनके परिवार के सदस्यों सहित सीएम हाउस का स्टाफ मौजूद रहा। कई लोग गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देने के लिए सीएम आवास पर पहुंचे। इसके अलावा अमर जवान ज्योति शहीद स्मारक पर मुख्यमंत्री गहलोत ने पुष्पचक्र अर्पित कर देश के अमर शहीदों को नमन किया।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने दी सचिन पायलट को सलामी
वहीं प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में भी झंडारोहरण किया गया। सेवादल कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट को सलामी दी। सचिन पायलट ने झंडारोहरण किया।
पायलट ने कार्यकर्ताओं को देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए दिलाई शपथ
राष्ट्रगान के बाद सचिन पायलट ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई मंत्री व विधायक मौजूद रहे।
पायलट ने कहा- आज का दिन हमारे लिए बहुत खास है
झंडारोहण के बाद सचिन पायलट ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए बहुत खास है क्योंकि आज के दिन ही हमारे संविधान को अस्तित्व मिला और हमारा देश एक गौरवशाली गणतंत्र राष्ट्र बना। जिला मुख्यालयों पर आयोजित समारोह में प्रभारी मंत्रियों ने झंडारोहरण किया।