खराब प्रदर्शन पर MES के 5 अफसरों पर गिरी गाज, मंत्रालय ने करवाए हैं 500 अफसरों पर सर्वे
सहायक अभियंता के पद पर तैनात इन सभी अधिकारियों को तीन महीने का वेतन देकर नौकरी से हटाया गया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। सैन्य इंजीनियरिंग सेवा (एमईएस) के पांच अधिकारियों पर खराब प्रदर्शन की गाज गिरी है। रक्षा मंत्रालय ने उन्हें अनिवार्य सेवानिवृति दे दी है। सरकारी सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को इन अफसरों को हटाने का आदेश जारी किया गया। आंतरिक प्रदर्शन सर्वेक्षण में इन अधिकारियों के प्रदर्शन को खराब पाया गया था।
सहायक अभियंता के पद पर तैनात इन सभी अधिकारियों को तीन महीने का वेतन देकर नौकरी से हटाया गया। मान्य दिशानिर्देशों के मुताबिक उन्हें सेवानिवृति के बाद मिलने वाली सारी सुविधाएं भी मिलेंगी। इन सभी की उम्र या तो 55 साल से ज्यादा थी या उन्होंने 30 साल की नौकरी पूरी कर ली थी। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 500 अधिकारियों के प्रदर्शन का आंतरिक सर्वेक्षण कराया गया है और उसी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक असंतोषजनक प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
2017 में भी हटाए गए थे 13 अफसर
आपको बता दें कि अगस्त, 2017 में भी मंत्रालय ने इसी तरह के सर्वेक्षण के बाद ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड के 13 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया था। एमईएस सेना की निर्माण इकाई है, जो इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर सहयोग मुहैया कराती है। निर्माण और रखरखाव के क्षेत्र में यह देश की सबसे बड़ी एजेंसियों में शुमार है। इसका सालाना बजट लगभग 13000 करोड़ रुपये है।