केरल के 140 विधायक आज लेंगे शपथ, 15वीं विधानसभा में आधिकारिक रूप से करेंगे प्रवेश
केरल की 15वीं विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष के अलावा सत्तारूढ़ वाम मोर्चा के 99 सदस्य हैं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठजोड़ में 41 विधायक हैं। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए माकपा ने लोकसभा के दो बार के सदस्य रह चुके एमबी राजेश का नाम प्रस्तावित किया है।
तिरुअनंतपुरम, आइएएनएस। केरल की विधानसभा में 140 नवनिर्वाचित विधायक शुक्रवार को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। वह केरल की 15वीं विधानसभा में आधिकारिक रूप से प्रवेश करेंगे।
शपथ को प्रो-टेम स्पीकर पढ़ेंगे। प्रो-टेम स्पीकर का चुनाव पिन्नरई विजयन की नई बैठक करेगी। गुरुवार को राज्यपाल आरिफ मुहम्मद खान के शपथ दिलाने के बाद केरल की नवनिर्वाचित सरकार का गठन हुआ। मुख्यमंत्री विजयन और अन्य 20 कैबिनेट सदस्यों के शपथ लेने के बाद पूरी कैबिनेट राज्यपाल खान के आधिकारिक निवास पर टी पार्टी के लिए जाएगी। इसके बाद वह पहली कैबिनेट बैठक के लिए राज्य के सचिवालय जाएंगे।
केरल की 15वीं विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष के अलावा सत्तारूढ़ वाम मोर्चा के 99 सदस्य हैं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठजोड़ में 41 विधायक हैं। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए माकपा ने लोकसभा के दो बार के सदस्य रह चुके एमबी राजेश का नाम प्रस्तावित किया है। विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव महज औपचारिकता ही होगा।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
वहीं, गुरुवार को पिनरई विजयन (77) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ 20 मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली है। कोरोना संक्रमण के बीच सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित सादे समारोह में राज्यपाल आरिफ मुहम्मद खान ने विजयन और उनके मंत्रियों को शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजयन को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभालने के लिए बधाई दी है। तमिलनाडु के हाल में बने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी विजयन को बधाई दी है।