पोंपियो के दौरे से पहले अमेरिका ने दो पाकिस्तानी फर्मो पर रोक लगाई
विदेश मंत्री माइक पोंपियो की पाकिस्तान यात्रा से ठीक पहले अमेरिका ने इन पाकिस्तानी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। परमाणु हथियारों और मिसाइल संबंधी तकनीक के कारोबार से जुड़े होने के शक में अमेरिका ने दो पाकिस्तानी कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। टेक्नोलॉजी लिंक्स प्राइवेट लिमिटेड और टेककेयर सर्विसेज एफजेड को अमेरिका के एक्सपोर्ट एडमिनिस्ट्रेशन रेग्यूलेशंस (ईएआर) ने कारोबार के लिए प्रतिबंधित कंपनियों की सूची में डाल दिया है।
अमेरिका के वाणिज्य विभाग की अधिसूचना में कहा गया है कि अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। विदेश मंत्री माइक पोंपियो की पाकिस्तान यात्रा से ठीक पहले अमेरिका ने इन पाकिस्तानी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया है।
प्रतिबंधित की गई टेक्नोलॉजी लिंक्स प्राइवेट लिमिटेड परमाणु हथियार और मिसाइल निर्माण से संबंधित वस्तुओं के पाकिस्तान भेजने में सहयोग करती पाई गई है। इस कंपनी का मुख्यालय पाकिस्तान में है, जबकि टेककेयर सर्विसेज एफजेड का मुख्यालय यूएई में है। यह कंपनी भी परमाणु कार्यक्रम में काम आने वाली सामग्री को पाकिस्तान भेजने के कार्य में संलग्न पाई गई है। चेकिंग के दौरान इसने गलत सूचनाएं देकर अधिकारियों को भ्रमित करने की कोशिश की।