उत्तर कोरिया के पहले दौरे पर जाएंगे चीनी राष्ट्रपति चिनफिंग
चीन की कई कंपनियां उत्तर कोरिया को सिगरेट और शराब निर्यात करती पाई गई थीं।
शंघाई, रायटर। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग अगले माह उत्तर कोरिया का दौरा करने वाले हैं। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने देश की स्थापना के 70वें वर्षगांठ समारोह में शिरकत करने के लिए उन्हें आमंत्रित किया है। सिंगापुर के अखबार स्ट्रेट टाइम्स ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट में कहा कि 2012 में सत्ता संभालने के बाद चीनी राष्ट्रपति पहली बार उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग के दौरे पर जाएंगे। इसके पहले साल 2005 में चीन के तत्कालीन राष्ट्रपति हू जिंताओ ने प्योंगयांग का दौरा किया था।
इस खबर पर चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है। अखबार के अनुसार, उत्तर कोरिया नौ सितंबर को अपनी स्थापना का वर्षगांठ मनाता है। हालांकि चीनी राष्ट्रपति के उत्तर कोरिया जाने के कार्यक्रम में अंतिम क्षणों में बदलाव हो सकता है।
उत्तर कोरिया का सहयोगी है चीन
चीन को उत्तर कोरिया का करीबी सहयोगी देश माना जाता है। मिसाइल परीक्षणों के चलते उत्तर कोरिया पर तमाम प्रतिबंधों के बावजूद चीन के उसके साथ कारोबारी संबंध बने हुए हैं। हाल ही में अमेरिका ने इन प्रतिबंधों का उल्लंघन करने पर चीन की कई कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। चीन की कई कंपनियां उत्तर कोरिया को सिगरेट और शराब निर्यात करती पाई गई थीं।
किम ने तीन बार किया चीन दौरा
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने इस साल तीन बार चीन का दौरा किया। वह इस साल मार्च में पहली बार चीन दौरे गए थे। इसके बाद मई में और फिर सिंगापुर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से वार्ता के बाद बीजिंग गए थे। ट्रंप और किम की 12 जून को एतिहासिक शिखर वार्ता हुई थी।