4 साल बाद प्रतिबंध से वापसी कर रहे पहलवान नरसिंह यादव कोरोना पॉजिटिव, साई ने दी जानकारी
नरसिंह चार साल के प्रतिबंध के बाद वापसी करने की तैयारी में जुटे थे। बेलग्रेड में 12 से 18 दिसंबर के बीच खेले जाने वाले विश्व कप में उनको मौका मिला है। 74 किलोग्राम भार वर्ग में उनको जितेंद्र किन्हा के स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर जगह दी गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। डोपिंग के दोषी पाए जाने के बाद चार साल की सजा झेलकर वापसी करने वाले भारतीय पहलवान नरसिंह यादव को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। शनिवार को चार साल के लंबे इंतजार के बाद पहले इंटरनेशनल इवेंट में भाग लेने की तैयारी करने जा रहे नरसिंह का टेस्ट पॉजिटिव आया है। उनके साथ ही ग्रीको रोमन में भाग लेने वाले गुरप्रीत भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
नरसिंह चार साल के प्रतिबंध के बाद वापसी करने की तैयारी में जुटे थे। बेलग्रेड में 12 से 18 दिसंबर के बीच खेले जाने वाले विश्व कप में नरसिंह को मौका मिला है। 74 किलोग्राम भार वर्ग में उनको जितेंद्र किन्हा के स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर जगह दी गई है। नरसिंह पर लगा प्रतिबंध इसी साल अगस्त में खत्म हुआ है जिसके बाद वह प्रतियोगता में भाग लेने के लिए उपलब्ध हुए।
नरसिंह और गुरप्रीत के अलावा फीजियोथेरेपिस्ट विशाल राय भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। स्पोर्ट्स अथोरिटी ऑफ इंडिया ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया, तीन संक्रमित खिलाड़ियों को सोनीपत के भगवान महावीर दास हॉस्पिटल में भेज दिया गया है। यह एहतियातन उठाया गया फैसला है।
दीवाली के ब्रेक के बाद पहलवानों ने साई सोनीपत में नेशनल कैंप में हिस्सा लिया था। यहां उनको क्वारंटाइन में रख गया था। साई द्वारा स्थापित किए गए मानक के मुताबिक शुक्रवार 27 नवंबर को इन सभी खिलाड़ियों का टेस्ट करवाया गया था। शनिवार को टेस्ट की रिपोर्ट आई जिसमें वो पॉजिटिव पाए गए।
इससे पहले सितंबर में दीपक पुनिया (86 किलोग्राम), नवीन (65 किलोग्राम) और कृष्णन (125 किलोग्राम) को पॉजिटिव पाया गया था।