विनेश फोगाट ने पद्म पुरस्कारों की चयन प्रक्रिया पर उठाए सवाल, कहा फिर हुई अनदेखी
vinesh phogat on Padma Awards विनेश फोगाट ने पद्म पुरुस्कारों की चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। vinesh phogat on Padma Awards: हाल ही में पद्म पुरस्कारों का ऐलान भारत सरकार द्वारा किया गया है। इसी पर भारत की स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने सवाल उठाए हैं। तीसरी बार अनदेखी होने के बाद रविवार को खिलाड़ियों को पद्म पुरस्कार देने के तरीके पर सवाल उठाते हुए विनेश फोगाट ने पूरी प्रक्रिया को अनुचित करार दिया है।
विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता और टोक्यो ओलंपिक में भारत की पदक की उम्मीदों में से एक विनेश फोगाट ने सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर योग्य उम्मीदवारों को नहीं चुनने का आरोप लगाया। इस बारे में विनेश फोगाट ने ट्वीट किया है और लिखा है कि पुरस्कार पाने से खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई सरकार करती है, लेकिन योग्य खिलाड़ियों को हर बार छोड़ दिया जाता है।
#Padmashree pic.twitter.com/lAOCjin2tl — Vinesh Phogat (@Phogat_Vinesh) January 26, 2020
विनेश फोगाट ने अपने ट्वीट में लिखा है, "हर साल हमारी सरकार कई खिलाड़ियों को पुरस्कार देती है। इन पुरस्कारों से खेल और खिलाड़ियों की अच्छा प्रदर्शन करने के लिए हौसलाअफजाई होती है, लेकिन यह भी देखा गया है कि कई बार इन पुरस्कारों के जरिये मौजूदा उपलब्धियों या खेल जगत में पिछले कुछ समय की सफलता को सम्मानित नहीं किया जाता। ऐसा लगता है कि योग्य खिलाड़ी को हर बार छोड़ दिया जाता है। 2020 पुरस्कारों में भी ऐसा ही हुआ। कौन फैसला करता है कि किसे पुरस्कार मिलेगा? क्या समिति में मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी शामिल हैं? यह काम भी कैसे करता है? अंत में यह सब कुछ थोड़ा अनुचित नजर आता है।"
आपको बता दें, खेल जगत में मेरी कॉम को पद्म विभूषण, पीवी सिंधू को पद्म भूषण, भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, मेंस हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एमपी गणेश, शूटर जीतू राय, वुमेन फुटबॉल टीम की पूर्व कप्तान Oinam Bembem Devi और तीरंदाज तरुणदीप राय को पद्म श्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। हालांकि, वीनेश फोगाट का भी नाम नोमिनशन लिस्ट में शामिल था, लेकिन उनको ये सम्मान नहीं मिला।