Tokyo Olympics: वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने सिल्वर जीता, परिवार में खुशी की लहर, देखें VIDEO
भारतीय महिला स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 49 किलोग्राम वर्ग में पदक अपने नाम किया। टोक्यो ओलिंपिक में यह भारत का पहला पदक है। मणिपुर की रहने वाली 26 साल की वेटलिफ्टर के घर में काफी खुशी का माहौल है।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय महिला स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने टोक्यो ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 49 किलोग्राम वर्ग में पदक अपने नाम किया। टोक्यो ओलिंपिक में यह भारत का पहला पदक है। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नामचीन लोगों ने उन्हें बधाई दी है। वहीं मणिपुर की रहने वाली 26 साल की इस वेटलिफ्टर के घर में काफी खुशी का माहौल है।
टोक्यो ओलंपिक में वेटलिफ्टिंग में भारत के लिए रजत पदक जीतने पर इंफाल में मीराबाई चानू के परिवार के सदस्यों ने खुशी जाहिर की। मैच का लाइव टेलिकास्ट देखने के लिए चानू का परिवार और दोस्त शनिवार की सुबह से ही टेलीविजन से चिपके हुए थे। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार मीराबाई चानू के माता-पिता सैखोम तोम्बी और सैखोम कृति ने कहा कि हमें खुशी है कि उन्होंने भारत के लिए पहला पदक हासिल किया। हमें उम्मीद थी कि वह स्वर्ण पदक जीतेंगी, लेकिन हमें खुशी है कि उन्होंने रजत पदक जीता। हमें और पूरे देश को उन्होंने गौरवान्वित किया है। उनके भाई ने कहा कि वो मीराबाई की सफलता से बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बहन को रजत पदक मिला है। उन्हें उनकी मेहनत का फल मिला है।
बता दें कि मीराबाई चानू ने ओलिंपिक खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में सिल्वर जीतकर 21 साल का सूखा खत्म किया। इससे पहले सिडनी ओलिंपिक 2000 में कर्णम मल्लेश्वरी ने देश को भारोत्तोलन में कांस्य पदक दिलाया था। उन्होंने कुल 240 किलोग्राम भार उठाया था। वहीं चानू ने कुल 202 किग्रा का भार उठाया।
#WATCH | Manipur: Family and neighbours of weightlifter Mirabai Chanu burst into celebrations as they watch her win the #Silver medal for India in Women's 49kg category. #OlympicGames pic.twitter.com/F2CjdwpPDc— ANI (@ANI) July 24, 2021
प्रतियोगिता में अपने चार सफल प्रयासों के दौरान चानू ने कुल 202 किग्रा (स्नैच में 87 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 115 किग्रा) उठाया। चीन की झिहुई होउ ने कुल 210 किग्रा वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता और एक नया ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाया। वहीं इंडोनेशिया की विंडी केंटिका आइसा ने कुल 194 किग्रा उठाकर कांस्य पदक जीता। मीराबाई ने स्नैच के पहले प्रयास में 84 किलोग्राम भार उठाकर शानदार शुरुआत की। इसके बाद मणिपुर में जन्मी इस भारोत्तोलक ने 87 किग्रा भार आसानी से उठा लिया, लेकिन अपने अंतिम प्रयास में 89 किग्रा का भार उठाने वो विफल रहीं। बता दें कि 2016 में रियो में हुए ओलिंपिक में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इसके बाद उन्होंने काफी मेहनत की, जिसका नतिजा है कि उन्होंने आज भारत को सिल्वर दिला दिया।