Tokyo Olympics: ओलिंपिक ड्रा आने के बाद इन भारतीय पहलवानों के पदक जीतने की बढ़ी उम्मीद
भारत के स्टार पहलवान बजरंग पूनिया को रूस के पहलवान गाजीमुराद रैशीदोव व हंगरी के इस्माइल मुसुकाएव और जापान के ताकुतो ओटोगुरो से कड़ी टक्कर मिलनी है। टोक्यो के मुकाबलों में रूस व हंगरी के पहलवान अलग पूल में रखे गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पहलवानों के पदक जीतने की संभावना उस समय ओर अधिक मजबूत हो गई, जब मंगलवार को ड्रा में पहलवानों के पूल तय हुए। भारत के पहलवानों को जिन पहलवानों से ओलिंपिक में कड़ी चुनौती मिलनी है, वह अलग पूल में रखे गए हैं। अब अगर भारत के पहलवानों का उनसे मुकाबला होगा तो फाइनल में ही होगा। इससे ओलिंपिक में पहलवानों के पदक जीतने की संख्या में इजाफा होने के मौके बढ़ गए हैं।
भारत की पदक की उम्मीद-
बजरंग पूनिया (65 किग्रा) : भारत के स्टार पहलवान बजरंग पूनिया को रूस के पहलवान गाजीमुराद रैशीदोव व हंगरी के इस्माइल मुसुकाएव और जापान के ताकुतो ओटोगुरो से कड़ी टक्कर मिलनी है। टोक्यो के मुकाबलों में रूस व हंगरी के पहलवान अलग पूल में रखे गए हैं। अगर बजरंग अपने सभी मुकाबले जीतते हैं तो इन दोनों में से एक से सामना फाइनल में हो सकता है। जापान के पहलवान का अभी ड्रा आना बाकी है।
रवि कुमार (57 किग्रा) : भारतीय दल में पदक के सबसे अधिक दावेदार रवि कुमार को टक्कर देने वाले तुर्की सुलेमान अतली व रूस के जाउर उगुएव को अलग पूल मिला है। दोनों पहलवान विश्व चैंपियनशिप व यूरोप खेलों में चैंपियन है। अगर अब रवि अपने पूल से शीर्ष में रहते हैं तो उनका फाइनल में मुकाबला इनमें से किसी से हो सकता है।
दीपक पूनिया (86 किग्रा) : दीपक पूनिया विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता हैं। टोक्यो में रियो ओलिंपिक के चैंपियन ईरान के हसन एलियाजम याजदानी चारती और यूरोप खेलों के चैंपियन रूसी पहलवान अर्तुर नाइफोनोव से उनका मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। यह दोनों पहलवान अलग पूल में रखे गए हैं।
विनेश फोगाट (53 किग्रा) : अपनी शानदार तैयारी के बल पर पदक जीतने का दृढ़ विश्वास लेकर टोक्यो जाने वाली विनेश फोगाट रियो में चोटिल होने के कारण पदक से चूक गई थीं, लेकिन टोक्यो में उन्हें पदक का दावेदार माना जा रहा है। विनेश को कड़ी टक्कर देने वाली दुनिया में एक ही पहलवान है। जापान की पहलवान मायू मुकैइदा विश्व चैंपियनशिप की चैंपियन है और उन्हें विनेश से अलग पूल मिला है। अगर दोनों पहलवानों का आमना-सामना हुआ तो फाइनल में ही होगा।