महान धावक मिल्खा सिंह को कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती, हालात स्थिर
मिल्खा सिंह के बेटे जीव ने पीटीआइ से बात करते हुए कहा उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वो काफी कमजोर थे और कल से खाना भी नहीं खा रहे थे। इसी वजह से उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारत के महान धावक मिल्खा सिंह को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आक्सीजन की कमी के चलते उन्हें डिहाइड्रेशन (दस्त और उल्टी) हो रहा था। इसके अलावा उन्होंने खानापीना भी छोड़ दिया है। उनकी पत्नी निर्मल कौर ने बताया कि उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए पीजीआइ ने एक अटेंडेंट और आक्सीजन की सुविधा घर पर मुहैया करवा दी थी, लेकिन परिवार के सदस्यों ने डाक्टरों की सलाह के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया।
अब फोर्टिस में कोविड के इंचार्ज डा. अमित कुमार मंडल की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। पिछले मंगलवार को मिल्खा सिंह को बुखार हुआ था। उसके बाद उन्होंने अपना टेस्ट करवाया, तो कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई।
मिल्खा सिंह के बेटे जीव ने पीटीआइ से बात करते हुए कहा, उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वो काफी कमजोर थे और कल से खाना भी नहीं खा रहे थे। इसी वजह से उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उनको लेकर सभी चीजों बिल्कुल सामान्य हैं, हमने सोचा कि उनको भर्ती कराना ही सुरक्षित रहेगा जहां पर कि अस्पताल में उनकी देखभाल सीनियर डॉक्टर की निगरानी में की जाएगी।
आगे उन्होंने बताया कि, वहां पर वह काफी अच्छे डॉक्टरों की निरगानी में हैं। वह बेहद मजबूत इंसान हैं और हमेशा ही सकारात्मक सोच रखते हैं जल्दी वह ठीक होकर वापसी करेंगे।
गुरुवार को पीटीआइ से अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी खुद मिल्खा ने शेयर की थी। उनका कहना था, हमारे कई सहयोगी का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है तो इसी वजह से परिवार के सभी सदस्यों का टेस्ट कराया गया था। टेस्ट की रिपोर्ट सामने आ गई है और इसमें घर के सभी सदस्यों नेगेटिव हैं सिर्फ मेरा ही एक टेस्ट पॉजिटिव आया है। बुधवार को मेरे कोविड टेस्ट की रिपोर्ट आई जिसके बाद मैं काफी चकित हूं।