खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा- कोचों का मेहनताना होगा दोगुना
खेल कोचों का मेहनताना एक लाख रुपये तक सीमित नहीं रहेगा और उनके मेहनताना को दोगुना कर दिया जाएगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने फैसला किया कि खेल कोचों का मेहनताना एक लाख रुपये तक सीमित नहीं रहेगा और उनके मेहनताना को दोगुना कर दिया जाएगा। राठौर ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान इसकी जानकारी दी।
राठौर ने बताया कि हमने फैसला लिया है कि भारतीय कोच अभी एक लाख रुपये तक मेहनताना ले रहे हैं और हम उनका मेहनताना 100 प्रतिशत तक बढ़ाएंगे। इसके अलावा विदेशी कोचों के मेहनताने में भी इजाफा किया जाएगा। पदक विजेताओं की नगद पुरस्कार राशि जमीनी, मध्यवर्ती और शीर्ष स्तर के कोचों के बीच वितरित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पहले से ही सरकारी नौकरियों में खिलाडि़यों के लिए पांच प्रतिशत कोटा निर्धारित है और भारतीय खेल से राजनीति को दूर रखने की जरूरत है। हम इंफाल के विश्वविद्यालय में जल्द ही चार नए कोर्सो की शुरुआत करेंगे। इस दौरान कांग्रेस के रंजीत रंजन ने राठौर से पूछा कि सरकार ने देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाडि़यों के लिए क्या किया था तो राठौर ने कहा कि हमें भारतीय खेल को राजनीति से दूर करने के लिए अभी समय की जरूरत है।