South Asian Games: भारत ने 3 दिन में जीते 32 गोल्ड मेडल, टॉप पर पहुंची टीम
South Asian Games 2019 भारत ने साउथ एशियन गेम्स में अब तक 71 मेडल अपने नाम किए हैं जिसमें 32 स्वर्ण पदक शामिल हैं।
काठमांडू, पीटीआइ। South Asian Games: ट्रैक और फील्ड खिलाडि़यों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने 13वें दक्षिण एशियाई खेलों के तीसरे दिन बुधवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 पदक और जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया। भारत ने बुधवार को 15 स्वर्ण पदक जीते जिसमें से पांच एथलेटिक्स में थे। भारत के अब 32 स्वर्ण, 26 रजत और 13 कांस्य सहित कुल 71 पदक हो गए हैं।
नेपाल 29 स्वर्ण, 15 रजत और 25 कांस्य सहित 69 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर है। एथलेटिक्स में भारत ने 10 पदक (पांच स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य) अपने नाम किए जबकि छह टेबल टेनिस और ताइक्वांडो, पांच ट्रायथलन और दो खो-खो में जीते।
एथलेटिक्स स्पर्धा के पहले दिन भारतीयों का दबदबा रहा। अर्चना सुसींद्रन ने महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, भारत की ही ए चंद्रलेखा तीसरे स्थान पर रहीं। सुरेश कुमार ने पुरुषों के 10000 मीटर वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वहीं, लंबी कूद में लोकेश सत्यनाथन और स्वामीनाथन पहले दो स्थान पर रहे। पुरुषों के चक्का फेंक में कृपाल सिंह और गगनदीप सिंह ने पहले दो स्थान हासिल किए। महिलाओं के चक्का फेंक में नवजीत कौर ढिल्लों ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाया जबकि सुर्वी विश्वास को रजत पदक मिला। लंबी कूद में सैंड्रा बाबू को कांस्य पदक मिला।
वर्ष 2016 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला खो-खो टीमों ने क्रमश: बांग्लादेश और नेपाल को हराकर स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाले। भारत ने दोनों वगरें में स्वर्ण जीते तो बांग्लादेश को पुरुष स्पर्धा में रजत पदक से संतोष करना पड़ा जबकि नेपाल तीसरे स्थान पर रहा। महिला वर्ग में नेपाल ने दूसरा स्थान हासिल किया जबकि बांग्लादेश ने अपना अभियान कांस्य पदक से समाप्त किया।
भारत ने ताइक्वांडो स्पर्धा में दबदबा बनाते हुए तीन स्वर्ण सहित कुछ छह पदक अपने नाम किए। लतिका भंडारी (अंडर 53 किग्रा), जरनैल सिंह (अंडर 74 किग्रा) और रूदाली बरुआ (ओवर 73 किग्रा) ने स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। सौरव और गंगजोत ने पुरुषों की अंडर 63 किग्रा और महिलाओं की 62 किग्रा में रजत पदक प्राप्त किए जबकि चैतन्य इनामदार ने पुरुष ओवर 86 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
वहीं, भारत ने टेबल टेनिस प्रतियोगिता की पुरुष एवं महिला डबल्स स्पर्धाओं में स्वर्ण और रजत पदक जीते। पुरुष डबल्स फाइनल में हरमीत देसाई और एंथनी अमलराज ने हमवतन सनिल शेट्टी और सुधांशु ग्रोवर को 8-11, 11-7, 11-7, 11-5, 8-11, 12-10 से हराया। नेपाल के सांतू श्रेष्ठ और विनेश खानिया ने कांस्य पदक जीता।
महिला डबल्स फाइनल में मधुरिका पाटकर और श्रीजा अकुला ने सुत्रिता मुखर्जी और अयहिका मुखर्जी को 2-11, 11-8, 11-8, 11-6, 5-11, 11-5 से पराजित करके खिताब जीता। श्रीलंका की विशाखा मधुरंगी और हंसिनी पुलिमा ने कांस्य पदक हासिल किया। मिक्स्ड डबल्स में हरमती और सुत्रिता मुखर्जी ने अमलराज और अयहिका को 11-6, 9-11, 11-6, 11-6, 11-8 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।