Move to Jagran APP

35 रोइंग खिलाड़ियों को दी गई कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज, टोक्यो ओलंपिक की कर रहे हैं तैयारी

टोक्यो ओलंपिक क्वालीफिकेशन की तैयारी कर रहे 35 भारतीय रोइंग खिलाड़ियों को कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई है। इसी के साथ वे देश में पूर्ण वैक्सीन लगवाने वाले देश का पहला खेल समूह बन गया है।

By Vikash GaurEdited By: Published: Sun, 04 Apr 2021 07:04 PM (IST)Updated: Sun, 04 Apr 2021 07:04 PM (IST)
35 रोइंग खिलाड़ियों को दी गई कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज, टोक्यो ओलंपिक की कर रहे हैं तैयारी
खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक की तैयारी ये खिलाड़ी कर रहे हैं।

मुंबई, पीटीआइ। टोक्यो ओलंपिक क्वालीफिकेशन की तैयारी कर रहे रोअर सहित कुल 35 भारतीय रोइंग खिलाडि़यों को कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई जिससे वे देश में पूर्ण वैक्सीन लगवाने वाला देश का पहला खेल समूह बन गया। पुणे के सेना खेल संस्थान (एएसआई) में शनिवार को 35 रोइंग खिलाडि़यों के अलावा कुछ कोचों और अन्य सहयोगी स्टाफ को भी दूसरी डोज दी गई।

loksabha election banner

भारतीय रोइंग संघ की अध्यक्ष राजलक्ष्मी सिंह देव ने रविवार को कहा, "35 रोइंग खिलाडि़यों के अलावा कुछ कोचों और एएसआइ पुणे के सहयोगी स्टाफ को दूसरा डोज दी गई।" इन 35 खिलाड़ियों में वे खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिन्हें टोक्यो में पांच से सात मई तक होने वाली विश्व रोइंग एशिया ओसियाना महाद्वीपीय क्वालीफिकेशन रेगाटा स्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए चुना गया है।

राजलक्ष्मी ने उम्मीद जताई कि भारतीय रोअर 23 जुलाई से आठ अगस्त तक होने वाले टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने में सफल रहेंगे। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद हैं कि हमारी दो नाव ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेंगी। हमें टोक्यो में होने वाली इस स्पर्धा से क्वालीफाई करने की उम्मीद है।"

रियो ओलंपिक 2016 के लिए सिर्फ दत्तु बब्बन भोकानल ने पुरुष सिंगल्स स्कल्स में क्वालीफाई किया था और 13वें स्थान पर रहे थे। भोकानल ने 2018 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। एएसआइ पुणे में ट्रेनिंग कर रहे और ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके भारतीय तीरंदाजों को भी कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है।

वैक्सीन अभियान के तहत आठ शीर्ष भारतीय तीरंदाजों अतानु दास, तरुणदीप राय, प्रवीण जाधव और बी धीरज (रिजर्व), दीपिका कुमारी, अंकित भकत, कोमोलिका बारी और मधु वेदवान (रिजर्व) सहित अन्य तीरंदाजों को वैक्सीन लग चुकी है।

तैराक रिकाको इकी को ओलंपिक का टिकट

जापानी तैराक रिकाको इकी ने जापान की राष्ट्रीय चैंपियनशिप के जरिये टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया, जिन्हें दो साल पहले ल्यूकेमिया (रक्त का कैंसर) होने का पता चला था। रिकाको ने टोक्यो ओलंपिक के लिए बने नए तैराकी स्थल में आयोजित हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप की 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में 57.77 सेकेंड का समय लिया। इससे वह मेडले रिले में क्वालीफाई करने में सफल रहीं। रेस के बाद उनकी आंखों में आंसू थे। वह पानी से निकलने के बाद भी बोल नहीं पा रही थी।

उन्होंने बाद में कहा, "मैं 100 मीटर स्पर्धा में जीत की उम्मीद नहीं कर रही थी। मैं पांच साल पहले ओलंपिक क्वालीफायर के दौरान जितनी आत्मविश्वास से भरी थी, उतना इस बार नहीं था। मुझे लगता है कि अगर आप दर्द से भी गुजर रहे हो तो आपकी कड़ी मेहनत का हमेशा आपको फल मिलता है।"


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.