Move to Jagran APP

Tokyo Olympics 2021: टोक्यो ओलंपिक से हटा उत्तर कोरिया, टोक्यो में रद हो रही हैं प्रतियोगिताएं

उत्तर कोरिया के खेल मंत्रालय की एक वेबसाइट ने कहा कि 25 मार्च को राष्ट्रीय ओलंपिक समिति की बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया। सदस्यों का मानना था कि कोरोना महामारी के बीच खिलाड़ियों की सुरक्षा अहम है।

By Viplove KumarEdited By: Published: Tue, 06 Apr 2021 07:14 PM (IST)Updated: Tue, 06 Apr 2021 07:14 PM (IST)
Tokyo Olympics 2021: टोक्यो ओलंपिक से हटा उत्तर कोरिया, टोक्यो में रद हो रही हैं प्रतियोगिताएं
टोक्यो ओलंपिक से हटा उत्तर कोरिया, नहीं लेगा भाग

सियोल, एपी। उत्तर कोरिया ने कहा है कि कोरोना महामारी के कारण वह टोक्यो ओलंपिक में भाग नहीं लेगा। उत्तर कोरिया के खेल मंत्रालय की एक वेबसाइट ने कहा कि 25 मार्च को राष्ट्रीय ओलंपिक समिति की बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया। सदस्यों का मानना था कि कोरोना महामारी के बीच खिलाडि़यों की सुरक्षा अहम है।

prime article banner

दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय ने मंगलवार को इस फैसले पर खेद जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि टोक्यो ओलंपिक दोनों कोरियाई देशों के आपसी संबंध बेहतर करने का एक जरिया साबित होंगे। जापान की ओलंपिक मंत्री तामायो मारूकावा ने कहा कि उन्हें अभी इसकी पुष्टि का इंतजार है और वह तुरंत इस पर टिप्पणी नहीं कर सकती। जापान की ओलंपिक समिति ने कहा कि उत्तर कोरिया ने अभी उसे इस बात की सूचना नहीं दी है कि वह टोक्यो ओलंपिक में भाग नहीं लेगा।

उत्तर कोरिया ने 2018 में दक्षिण कोरिया में हुए शीतकालीन ओलंपिक में 22 खिलाडि़यों को भेजा था। सरकारी अधिकारियों, कलाकारों, पत्रकारों के अलावा महिलाओं के चीयरिंग ग्रुप में 230 सदस्य थे। उन खेलों में उत्तर और दक्षिण कोरिया ने एकीकृत कोरियाई प्रायद्वीप के प्रतीक नीले नक्शे के तले साथ में मार्च भी किया था।

टोक्यो में रद हो रही हैं प्रतियोगिताएं

टोक्यो ओलंपिक के आयोजकों ने इस सप्ताहांत होने वाली वाटर पोलो परीक्षण प्रतियोगिता को रद कर दिया। जापान की मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आयोजन समिति के अधिकारियों ने हालांकि इन रिपोर्ट की पुष्टि करने से इन्कार कर दिया। वहीं, तैराकी की भी दो प्रतियोगिताएं रद हो गई हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, जापान में प्रवेश की कड़ी प्रक्रिया के कारण तकनीकी अधिकारी देश में नहीं आ सकते।

इस प्रतियोगिता को रद करने की खबरें उस समय आई हैं जब पिछले साल स्थगित किए गए ओलंपिक के आयोजन को चार महीने से भी कम का समय बचा है। प्रतियोगिता का रद होना महामारी के बीच टोक्यो खेलों के आयोजन का प्रयास कर रहे अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति और आयोजकों के लिए झटका हो सकता है। ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू होंगे। वहीं, तैराकी की वैश्विक संस्था फिना ने कहा कि 18-23 अप्रैल तक टोक्यो में होने वाले विश्व कप को रद कर दिया गया और एक से चार मई तक होने वाली कलात्मक तैराकी प्रतियोगिता के साथ भी ऐसा ही हुआ।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.