Athletics World Championships: भारतीय मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले टीम ने पाया टोक्यो ओलंपिक का टिकट
Athletics World Championships भारतीय मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले टीम ने टोक्यो ओलंपिक का टिकट कटा लिया है जबकि दुती चंद और जबिर बाहर हो गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय 4x400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम ने टोक्यो ओलंपिक का टिकट कटा लिया है। दोहा में हो रहे वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारतीय मिक्स्ड रिले टीम ने शनिवार को फाइनल में स्थान बनाने के साथ ही ओलंपिक कोटा भी कब्जा लिया। भारतीय 4x400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम ने अपने हीट में तीसरा स्थान हासिल किया।
भारतीय 4x400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम को अगले साल टोक्यो में होने वाले ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई करने का मौका मिल गया, क्योंकि फाइनलिस्ट की ऑटोमेटिक एंट्री थी। भारत की इस मिक्स्ड टीम में मोहम्मद अनस, वीके विस्मया, जिस्ना मैथ्यू और निर्मल नोह टॉम थे। इन्हीं चारों ने मिलकर तीन मिनट 16.14 सेकंड में इस मिक्स्ड रेस को पूरा किया।
आपको बता दें, हर हीट में से टॉप-3 टीमों ने फाइनल में जगह बनाई। भारतीय टीम हीट-2 में थी, जिसमें वह तीसरे स्थान पर रही और फाइनल में प्रवेश किया। मोहम्मद अनस भारतीय 4x400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम की ओर से सबसे पहले दौड़े। उनके बाद विस्मया ने तेजी से दौड़ लगाते हुए दूसरे लैप में भारत को पहले स्थान पर कर दिया। इसके बाद जिस्ना मैथ्यू ने तीसरे लैप में बेटन अपने हाथ लिया। वहीं, चौथे लेप में मैथ्यू का इंतजार कर रहे निर्मल नोह और जिस्ना के बीच तालमेल की कमी हुई और भारत थोड़ा पीछे रहा गया। हालांकि, निर्मल ने आखिरी के समय में तेज दौड़ लगाकर टीम को तीसरा स्थान दिला दिया।
दुती चंद और जाबिर को मिली हार
स्प्रिंटर दुती चंद एथलेटिक्स वर्ल्ड चैम्पियशिप में बेहतर शुरुआत नहीं कर पाईं। दुती चंद ने 100 मीटर रेस को पूरा करने के लिए 11.48 सेकंड का समय लिया और वे अपने हीट में सातवें स्थान रहीं। वहीं, कुल 47 खिलाड़ियों में दुती चंद का स्थान 37वां था। दूसरी ओर, पुरुषों के 400 मीटर बाधा दौड़ में एमपी जाबिर सेमीफाइनल में बाहर हो गए।