Khelo India Youth Games 2020 में महाराष्ट्र ने कायम रखी अपनी बादशाहत, जीते 256 पदक
Khelo India Youth Games 2020 गुवाहाटी में तीसरे खेलो इंडिया यूथ गेम्स का समापन हो गया है जिसमें महाराष्ट्र की टीम विजेता बनकर उभरी है।
गुवाहाटी, पीटीआइ। Khelo India Youth Games 2020: यहां तीसरे खेलो इंडिया यूथ गेम्स का समापन बड़ी धूमधाम से बुधवार 22 जनवरी को हुआ। इन खेलों में महाराष्ट्र ने फिर से बाजी मारी है। महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने कुल 78 स्वर्ण सहित 256 पदकों पर अपना कब्जा जमाया है। बुधवार को यहां संपन्न खेलो इंडिया यूथ गेम्स में अपनी बादशाहत बरकरार रखी, जबकि हरियाणा कुल 200 पदकों के साथ दूसरे पायदान पर रहा।
इस 13 दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान महाराष्ट्र ने 78 स्वर्ण, 77 रजत और 101 कांस्य पदक के साथ अपनी लगातार दूसरी खेलो इंडिया यूथ गेम्स ट्रॉफी जीती। हरियाणा 200 पदक (68 स्वर्ण, 60 रजत और 72 कांस्य पदक) के साथ दूसरे, जबकि दिल्ली 122 पदक (39 स्वर्ण, 36 रजत और 47 कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
तैराक करीना शंकटा ने अंडर-17 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया, जिससे तरणताल में महाराष्ट्र ने 18 स्वर्ण सहित कुल 46 पदक हासिल किए। मुक्केबाजी के फाइनल में उलटफेर देखने को मिला, जहां हरियाणा के चार मुक्केबाजों को हार का सामना करना पड़ा।
कर्नाटक ने आखिरी दिन चार स्वर्ण जीते जिसमें मुक्केबाज निशांत देव और टेनिस खिलाड़ी रेशमा मरूरी का पीला तमगा शामिल है। इन चार स्वर्ण के साथ वह तालिका में उत्तर प्रदेश को पछाड़कर चौथे स्थान पर आ गया। भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके श्रीहरि नटराज ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक और 100 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक हासिल किया, जिससे उनके कुल पदकों की संख्या आठ हो गई।
श्रीहरि नटराज ने पांच स्वर्ण और तीन रजत जीते। कर्नाटक ने अपने 32 में से 21 स्वर्ण तैराकी में जीते, जो कि किसी भी प्रदेश के लिए एक बड़ी बात है। हालांकि, बाकी क्षेत्रों में भी कर्नाटक के युवा खिलाड़ियों को ध्यान देने की जरूरत है। असम की शिवांगी शर्मा ने भी तैराकी में पांच स्वर्ण और दो रजत हासिल किए। वह खेलो इंडिया यूथ गेम्स की सबसे सफल महिला खिलाड़ी रहीं।