ढाई महीने बाद गोल्फ खेलने पहुंचे जीव मिल्खा सिंह, कहा- सबको समझनी चाहिए अपनी जिम्मेदारी
जीव मिल्खा सिंह ने बताया कि ढाई महीने के बाद गोल्फ खेलना काफी सुखद लग रहा है।
विकास शर्मा, चंडीगढ़। पद्मश्री जीव मिल्खा सिंह ने बुधवार को गोल्फ क्लब में जाकर अपने साथियों के साथ गोल्फ खेला। जीव मिल्खा सिंह ने बताया कि ढाई महीने के बाद गोल्फ खेलना काफी सुखद लग रहा है। गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए 25 मार्च को लॉकडाउन लग गया था, तब से लेकर खेल गतिविधियां पूरी तरह से बंद थी। लॉकडाउन के चौथे चरण में विशेष गाइडलाइन के साथ खिलाड़ियों को अभ्यास करने की छूट दी गई ।
जीव मिल्खा सिंह ने बताया कि हवा काफी साफ है और धूप भी शानदार खिली हुई है ऐसे में गोल्फ खेलने का अपना मजा है। जीव मिल्खा सिंह 20 से ज्यादा प्रोफेशनल गोल्फ टूर्नामेंट जीत चुके हैं। साल 2006 में जीव मिल्खा सिंह ने दुनिया के टॉप 100 गोल्फर्स में जगह बनाई थी। उनकी इन्हीं उपलब्धियों की वजह से उन्हें सरकार की तरफ से पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित किया गया था। वह उड़न सिख पद्मश्री मिल्खा सिंह के बेटे हैं।