#JagranForum: राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा, व्यक्तित्व निखारने के लिए है बेहद जरुरी है खेल
खेल मंत्री बनने से पहले राज्यवर्धन सिंह राठौर एक शूटर थे। राठौर ने 2004 ओलम्पिक में डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता था।
नई दिल्ली, जेएनएन। दैनिक जागरण की 75वीं वर्षगांठ पर जागरण फोरम में केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने भारत में खेलों को लेकर चर्चा की। इस फोरम के एक खास सेशन में कहा, खेल आपके व्यक्तित्व को निखारता है। खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब। जब आपको कोई भी खेल खेलने में मज़ा आने लगता है, तो फिर वो आपके जीवन का हिस्सा हो जाता है।
आपको बता दें कि खेल मंत्री बनने से पहले राज्यवर्धन सिंह राठौर एक शूटर थे। राठौर ने 2004 ओलम्पिक में डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता था। ये ओलम्पिक एथेंस में खेले गए थे। बतौर खिलाड़ी बात करते हुए राठौर ने कहा खिलाड़ी ऑडियंस के लिए खेलता है, लेकिन जैसे-जैसे वह आगे बढ़ता है, वैसे-वैसे ऑडियंस कम हो जाती है।
उन्होंने खेल मंत्री होने के नाते खेलों के लिए किए गए अपने कार्यों को लेकर भी चर्चा की। राठौर ने कहा, हमने दसवीं में पढ़ने वाले दो बच्चों को कामनवेल्थ गेम्स के लिए भेजा, उनका दसवीं का बोर्ड एग्जाम आगे बढ़ाया गया। भारत में आज सितारे सिर्फ क्रिकेट में ही नहीं बल्कि दूसरे खेलों में भी हैं। हम स्कॉलरशिप टेलेंट हंट शुरू कर रहे हैं, सभी शिक्षा बोर्ड और राज्यों के साथ पार्टनरशिप कर रहे हैं। हम हर साल 1000 बच्चों को 5 लाख रुपये देंगे। कलैरीपट्टू, थंग्ला, मलखम जैसे इंडिजिनस स्पोर्ट्स की भी अकेडमी बना रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नेशनल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फंड के तहत 500 करोड़ रुपये इकट्ठा करना चाहते हैं, इसके लिए कॉर्पोरेट्स को भी साथ जोड़ा जा रहा है।