PV Sindhu को चैंपियन बनाने वाली बैडमिंटन कोच ने छोड़ा टीम इंडिया का साथ, बताया ये कारण
Indian Badminton Coach Kim Ji Hyun resigns भारतीय बैडमिंटन टीम की कोच किम जी ह्यून ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। Indian Badminton Coach Kim Ji Hyun resigns: भारतीय महिला बैडमिंटन टीम की कोच किम जी ह्यून ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। साउथ कोरियाई किम जी ह्यून (Kim Ji Hyun) ने भारतीय शटलर पीवी सिंधू को वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। किम जी ह्यून भारतीय महिला सिंगल टीम की कोच थीं।
किम जी ह्यून ने निजी कारणों का हवाला देकर टोक्यो ओलंपिक से ठीक एक साल पहले भारतीय बैडमिंटन महिला सिंगल टीम को झटका दिया है। बुसान की रहने वालीं 45 वर्षीय किम जी ह्यून न्यूजीलैंड अपने पति रिची मर(Ritchie Marr) की देखभाल के लिए जाना पड़ा है, जिनको हाल ही में न्यूरो स्ट्रोक आया था। भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने इसी साल किम जी ह्यून को अनुबंधित किया था।
किम जी ह्यून के ही मार्गदर्शन में पीवी सिंधु ने स्विट्जरलैंड के बासेल में आयोजित हुई विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत के लिए इतिहास रचा था। पीवी सिंधू ये खिताब जीतने वालीं पहली भारतीय खिलाड़ी थीं।
भारत के मुख्य राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद ने ने बताया है, ''यह सच है, किम जी ह्यून ने इस्तीफा दे दिया है क्योंकि उनके पति काफी बीमार हैं। विश्व चैंपियनशिप के दौरान उन्हें न्यूरो स्ट्रोक का सामना करना पड़ा। इसलिए वह वापस लौट गईं। उन्हें अपने पति की देखभाल करनी होगी क्योंकि इससे उबरने में चार से छह महीने का समय लगेगा।''
टोक्यो ओलंपिक से ठीक पहले भारतीय बैडमिंटन संघ की मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि इस विश्व स्तरीय टूर्नामेंट के लिए जल्द ही BAI को किम जी ह्यून का विकल्प ढूंढना होगा। फिलहाल, ओलंपिक क्वालीफिकेशन की प्रक्रिया चल रही है। मुख्य कोच गोपीचंद ने इस बारे में कहा है, ''हम उनके स्थान पर किसी और को लाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन यह कामचलाऊ इंतजाम होगा। हमें स्थायी हल ढूंढना होगा।''