जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। विश्व चैंपियन पीवी सिंधू, बी साई प्रणीत और एन सिक्की रेड्डी ने कोरोना वायरस के कारण चार महीने तक कोर्ट से दूर रहने के बाद शुक्रवार को हैदराबाद स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत अभ्यास शुरू किया।
तेलंगाना सरकार से एक अगस्त को मंजूरी मिलने के बाद साई ने ओलंपिक का टिकट हासिल करने वाले संभावित आठ खिलाडि़यों के लिए राष्ट्रीय बैडमिंटन शिविर शुरू करने का फैसला किया। राष्ट्रीय मुख्य कोच पुलेला गोपीचंद ने कहा, 'मैं इस लंबे ब्रेक के बाद अभ्यास के लिए अपने शीर्ष खिलाडि़यों को वापस देखकर बहुत खुश हूं। हम सुरक्षित वातावरण में प्रशिक्षण फिर से शुरू करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।'
ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में जो आठ खिलाड़ी शामिल हैं उनमें लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल, पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत, महिला डबल्स खिलाड़ी अश्विनी पोनप्पा और पुरुष डबल्स में चिराग शेट्टी एवं सात्विक साईराज रेंकीरेड्डी की जोड़ी भी शामिल है। साइना ने शुक्रवार को अभ्यास में भाग नहीं लिया, जबकि मार्च में अपने-अपने घरों में चले गए अन्य खिलाड़ी अभी वापस नहीं लौटे हैं। सिंधू शुक्रवार को अभ्यास शुरू करने पहुंचने वाली सबसे पहली खिलाड़ी थीं, जिन्होंने गोपीचंद और विदेशी कोच पार्क तेइ-सांग की देख-रेख में अभ्यास किया।
सिंधू के पिता पीवी रमन्ना ने कहा, 'सिंधू ने सुबह दो घंटे तक अभ्यास किया। गोपी और पार्क भी मौजूद थे। वह इस सप्ताह हर रोज अभ्यास करेंगी। शाम में वह सुचित्रा अकादमी में फिटनेस प्रशिक्षण करेंगी। वह घर में भी अभ्यास कर रही हैं, इसलिए शारीरिक रूप से अच्छी स्थिति में हैं, लेकिन अक्टूबर तक कोई टूर्नामेंट नहीं है, इसलिए वह चीजों को आराम से ले रही हैं। वह कार्यभार को ज्यादा नहीं बढ़ा रही हैं। हमें सतर्क रहना है।' सिंधू के बाद प्रणीत और सिक्की ने अभ्यास किया।
प्रणीत ने कहा, 'आखिरकार लंबे समय के बाद प्रशिक्षण प्राप्त करना अच्छा था। मैंने सुबह अभ्यास किया। गोपी सर और नए कोच अगुस द्वी संतोसो थे। सभी प्रोटोकॉल जैसे कि हाथों को सैनिटाइज करना, तापमान मापने वाला और ऑक्सीमीटर वहां रखा हुआ था।' वहीं, ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के दावेदारों में शामिल भारतीय बैडमिंडन खिलाड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी की पुरुष डबल्स जोड़ी शिविर में शामिल होने पर फैसला करने के लिए कोविड-19 महामारी के मद्देनजर दो सप्ताह का समय लेना चाहते हैं। यह पुरुष डबल्स जोड़ी फिलहाल अलग-अलग है। शेट्टी मुंबई स्थित अपने घर में हैं जबकि रेकीरेड्डी आंध्र प्रदेश के अमलापुरम में हैं।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मार्च में लॉकडाउन लगने के बाद से अपने घरों में हैं। कोविड-19 महामारी के कारण दुनियाभर में बैडमिंटन सहित सभी खेलों को रोकना पड़ा था। एथलीटों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, अकादमी को रंग के हिसाब से अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। ग्रीन जोन या खेल के मैदान के अंदर केवल एथलीटों और कोचों को जाने की अनुमति है, जबकि सहायक कर्मचारियों और प्रशासनिक कर्मचारियों के लिए अलग-अलग क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। खेल के क्षेत्र में उनका जाना प्रतिबंधित है।