खेलो इंडिया यूथ गेम्स : गुरनिहाल सिंह को निशानेबाजी में मिला गोल्ड मेडल
गुरनिहाल सिंह गार्चा ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2019 की अंडर-21 स्कीट स्पर्धा का स्वर्ण पदक हासिल किया।
पुणे, प्रेट्र। आइएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता गुरनिहाल सिंह गार्चा ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2019 की अंडर-21 स्कीट स्पर्धा का स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने फाइनल के दूसरे हाफ में अपने खेल में सुधार करते हुए कुल 56 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। पहले 30 शॉट में चार बर्ड से चूकने वाले गार्चा राजस्थान के अनंतजीत सिंह नरूका से एक अंक से पिछड़ रहे थे। पंजाब के अभय सिंह शेखों ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं इसी स्पर्धा के बालिका वर्ग में राजस्थान की दर्शन राठौर ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पंजाब की सिमरप्रीत कौर ने रजत और मध्य प्रदेश की पूजा विश्वकर्मा ने कांस्य पदक जीता। वहीं, 50 मीटर की रेंज में तमिलनाडु की जी वर्षा ने बालिका वर्ग के अंडर-17 थ्री पोजीशन स्पर्धा का स्वर्ण पदक हासिल किया। इस स्पर्धा का रजत हरियाणा की शिरिन गोदरा ने, जबकि कांस्य आयुषी पोद्दार ने जीता। 10 मीटर मिक्स्ड टीम एयर पिस्टल स्पर्धा में हरियाणा ने सुनहरी जीत हासिल की, जबकि तेलंगाना दूसरे और पंजाब तीसरे स्थान पर रहा।
सेमीफाइनल में हरियाणा
पुणे, प्रेट्र : स्ट्राइकर ज्योति की हैट्रिक की बदौलत हरियाणा ने बुधवार को चंडीगढ़ को 8-0 से हराकर महिलाओं की अंडर-21 हॉकी में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में जगह बनाई। पूल-बी के इस मुकाबले में ज्योति के तीन गोल के अलावा हरियाणा के लिए अमनदीप कौर ने दो गोल दागे, जबकि अमरिंदर कौर, नवनीत कौर और मनीषा ने भी एक-एक गोल किया। पूल-बी में पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच खेला गया एक अन्य मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ, लेकिन पंजाब ने बेहतर गोल औसत के आधार पर अंतिम-चार का टिकट कटाया। सेमीफाइनल में झारखंड का मुकाबला ओडिशा से, जबकि हरियाणा का मुकाबला पंजाब से होगा।
महल और मिहिका के बीच खिताबी मुकाबला
पुणे, प्रेट्र। शीर्ष वरीय मध्य प्रदेश की महक जैन ने गुजरात की जील देसाई को 6-4, 2-6, 6-4 से हराकर अंडर-21 टेनिस स्पर्धा के महिला सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना महाराष्ट्र की मिहिका यादव से होगा। मिहिका ने एक अन्य सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश की काव्या साहनी को 6-3, 6-3 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। वहीं, महाराष्ट्र के आर्यन भाटिया ने शीर्ष वरीय हरियाणा के सुशांत डबास को 7-5, 3-6, 6-2 से हराकर लड़कों के अंडर-17 वर्ग के फाइनल में जगह बनाई।
श्रहरि को सात स्वर्ण
पुणे, प्रेट्र। कर्नाटक के उभरते हुए तैराक श्रीहरि नटराज ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की सात स्पर्धाओं में भाग लिया और सभी स्पर्धाओं में सुनहरी सफलता हासिल की। पिछले साल उन्होंने प्रतियोगिता में छह स्वर्ण पदक जीते थे, लेकिन इस बार उन्होंने उससे बेहतर प्रदर्शन किया। कर्नाटक के एक अन्य तैराक लिखित एसपी ने पांच स्वर्ण सहित कुल छह पदक अपने नाम किए। पिछले साल यूथ ओलंपिक और एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके श्रीहरि की निगाहें अब विश्व चैंपियनशिप पर हैं, जो इस साल दक्षिण कोरिया में आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि मेरी कुछ अहम परीक्षाएं बची हुई हैं, जिसके बाद मैं विश्व चैंपियनशिप के लिए तैयारियां शुरू करूंगा।