Covid 19: देश की मदद के लिए गोल्फर अर्जुन भाटी ने बेच दी जीती हुई अपनी 102 ट्रॉफी
Arjun Bhati sold his 102 trophies to help the country
नई दिल्ली, जेएनएन। तीर बार के जूनियर गोल्फ विश्व चैंपियन अर्जुन भाटी ने कोरोना महामारी से लड़ाई के लिए बड़ा कदम उठाया है। आठ वर्षों के दौरान जीती गई 102 ट्रॉफी को अर्जुन ने ऑनलाइन बेच दी और इससे आए 430000 रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में दे दिए।
आपको🙏 8 साल में जो देश,विदेश से जीतकर कमाई हुई 102 ट्रोफ़ी देश संकट के समय मैंने 102 लोगों को दे दी,उनसे आए हुए कुल-4,30,000-Rs आज PM Care Fund में देश की मदद को दिए,ये सुनकर दादी रोई फिर बोली तू सच में अर्जुन है,आज देश के लोग बचने चाहिए ट्रोफ़ी तो🏆फिर आ जाएँगी,@narendramodi 🇮🇳 pic.twitter.com/wmoJtyObzi
— Arjun Bhati - 🇮🇳 (@arjunbhatigolf) April 7, 2020
ग्रेटर नोएडा के मायचा गांव निवासी अर्जुन ने ट्वीट किया, 'जो देश-विदेश से जीतकर कमाई हुई 102 ट्रॉफी को संकट के समय मैंने 102 लोगों को दे दीं। उनसे आए 430000 रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में देश की मदद के लिए दिए हैं। यह सुनकर दादी रोईं, फिर बोलीं कि तुम सच में अर्जुन हो। देश के लोग बचने चाहिए, ट्रॉफी तो फिर आ जाएंगी।' एक सप्ताह पूर्व भी अर्जुन ने अपने पास एकत्र 111000 प्रधानमंत्री राहत कोष में दान दिए थे।
इससे पहले गोल्फर की दादी ने भी अपनी एक साल की पेंशन दान करने का फैसला किया था। लगभग 10 वर्ष पूर्व अर्जुन ने गोल्फ खेलना शुरू किया था। उन्होंने 2016, 2018 व 2019 में जूनियर गोल्फ विश्व चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। अर्जुन के पिता बॉबी भाटी ने कहा कि जिन लोगों ने ट्रॉफी खरीदी है, उन्हें लॉकडाउन समाप्त होने के बाद दे दी जाएगी।
इतनी कम उम्र में अर्जुन ने जो जज्बा दिखाया है वो अपने आप में एक मिसाल है। अर्जुन से पहले क्रिकेट व अन्य खेल से जुड़े खिलाड़ियों ने भी देश की मदद के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया था और डोनेशन दिया था।