एशियन पैरा गेम्स: एकता भयान और मनीष नरवाल ने भारत को दिलाया गोल्ड मेडल
एकता भयान और मनीष नरवाल ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर एशियन पैरा गेम्स में भारत को स्वर्ण पदक दिलाए।
जकार्ता, प्रेट्र। एकता भयान और मनीष नरवाल ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर एशियन पैरा गेम्स में भारत को स्वर्ण पदक दिलाए। एकता ने महिलाओं की क्लब थ्रो स्पर्धा में भारत को चौथा स्वर्ण पदक दिलाया फिर इसके बाद मनीष ने पीले तमगे की संख्या पांच कर दी। इसके बाद भारत ने एक और स्वर्ण जीता। भारत अब तक इस स्पर्धा में छह स्वर्ण हासिल कर चुका है।
भयान ने चौथे प्रयास में 16.02 मीटर का थ्रो लगाया। उसने संयुक्त अरब अमीरात की अलकाबी ठेकरा को हराकर एफ 32/51 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। एफ 32/51 वर्ग खिलाडि़यों में हाथ की विकृति से संबंधित है। भयान ने इस साल इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी पीला तमगा जीता था। वहीं, नरवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारत को जयंती बहेडा, आनंदन गुणशेखरन और मोनू घंगास ने भी तीन कांस्य पदक दिलाए। घंगास पुरुषों के शॉटपुट में तीसरे स्थान पर रहे। वहीं गुणशेखरन ने पुरुषों के 200 मीटर टी44/62/64 में कांसा अपने नाम किया। बहेडा ने महिलाओं की 200 मीटर टी45/46/47 स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया। भारत के छह स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य सहित कुल 28 पदक हो गए हैं।