दुती चंद, शिवपाल और निर्मला को मिला एशियन गेम्स का टिकट
महिलाओं की 100 मीटर रेस में तय मानक के अनुरूप प्रदर्शन कर ओडिशा की दुती चंद ने भी एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया।
गुवाहाटी, पीटीआइ। उत्तर प्रदेश के शिवपाल सिंह ने पुरुषों के भाला फेंक में शानदार प्रदर्शन से और 3000 मीटर दौड़ में सुधा सिंह ने दो साल में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 58वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स में स्वर्ण जीतकर एशियन गेम्स का टिकट हासिल किया।
शिवपाल ने फाइनल थ्रो 82.28 मीटर का किया, जो उनका निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले उनका निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 79.77 मीटर का था, जो उन्होंने 2016 में किया था। वहीं, लंबी दूरी की अनुभवी धाविका सुधा ने 9:39:69 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण जीता। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 9:26:55 सेकेंड का है, जो उन्होंने 2016 में किया था।
पुरुषों की 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण जीतकर नवीन कुमार ने भी एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई किया। उनके अलावा कर्नाटक के बी चेतन ने भी एशियन गेम्स का टिकट हासिल किया। इससे पहले सुबह के सत्र में 400 मीटर की धाविका निर्मला श्योरान ने 52:36 सेकेंड के शानदार प्रदर्शन के साथ जकार्ता जाने वाले दल में जगह बनाई। महिलाओं की 100 मीटर रेस में तय मानक के अनुरूप प्रदर्शन कर ओडिशा की दुती चंद ने भी एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया।
अन्य खेलों की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
फीफा की खबरों के लिए यहां क्लिक करें