China Open 2019: सात्विक -चिराग की जोड़ी हुई बाहर, जापानी जोड़ी ने प्री क्वार्टर फाइनल में हराया
सात्विक और चिराग की जोड़ी को गुरुवार खेले गए प्री- क्वार्टर फाइनल में जापानी जोड़ी के खिलाफ 19-21 8-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
नई दिल्ली, जेएनएन। चीन ओपन 2019 में भारतीय पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सफर खत्म हो गया है। सात्विक और चिराग की जोड़ी को गुरुवार खेले गए प्री- क्वार्टर फाइनल में जापानी जोड़ी के खिलाफ 19-21, 8-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
सात्विक और चिराग की गैरवरीय जोड़ी को जापान के चौथी वरियता प्राप्त ताकेशी कामुरा और केइगो सोनोदा ने कड़े मुकाबले मे हराया। भारतीय जोड़ी ने जापानी जोड़ी के खिलाफ पहले गेम में कड़ा संघर्ष किया लेकिन दूसरे गेम में वह अपनी लय बरकरार नहीं रख पाए। पहले गेम में जापानी जोड़ी ने 19-21 जबकि दूसरे गेम में 8-21 से जीत हासिल की।
इस मैच में भारतीय जोड़ी ताकेशी कामुरा और केइगो सोनोदा के आगे महज 33 मिनट ही टिक पाई। अब तक भारतीय जोड़ी इस जापानी जोड़ी के खिलाफ जीत हासिल करने में नाकाम रही है। इससे पहले ताकेशी कामुरा और केइगो सोनोदा पहले तीन बार सात्विक और चिराग की जोड़ी को हरा चुकी थी। अब यह आंकड़ा 4-0 का हो गया है।
सात्विक और चिराग का सामना इससे पहले जापानी जोड़ी से इसी साल जापान ओपन में हुआ था जबकि 2018 के जापान ओपन और 2017 के कोरिया ओपन में जापानी जोड़ी ने भारतीय जोड़ी के खिलाफ जीत हासिल की थी।
बुधवार को भारत के लिए दिन मिला जुला रहा। भारतीय स्टार पीवी सिंधु ने जहां जीत हासिल की तो सायना नेहवाल को पहले दौर से हारकर बाहर होना पड़ा।