मुंबई मैराथन में हिस्सा लेंगे, एशियाई चैंपियन गोपी व सुधा सिंह
पिछले साल भारतीय धावकों में शीर्ष पर रहे टी. गोपी और सुधा सिंह के साथ कोर्स रिकॉर्डधारी नितेंद्र सिंह रावत 20 जनवरी को होने वाली मुंबई मैराथन में भाग लेंगे।
मुंबई। पिछले साल भारतीय धावकों में शीर्ष पर रहे टी. गोपी और सुधा सिंह के साथ कोर्स रिकॉर्डधारी (भारतीय धावकों में) नितेंद्र सिंह रावत 20 जनवरी को होने वाली मुंबई मैराथन में भाग लेंगे। एशियाई चैंपियन गोपी और रावत को पुरुषों की दौड़ में 2014 व 2015 में सर्वश्रेष्ठ भारतीय रहे करण सिंह से कड़ी चुनौती मिलेगी। गोपी 2017 में एशियाई चैंपियन (दो घंटे 15 मिनट और 31 सेकंड) बने लेकिन उन्होंने रियो ओलंपिक (दो घंटे 15 मिनट और 25 सेकंड) में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया था, जो विदेशी धरती में भारतीय रिकॉर्ड है।
रावत ने 2016 में दक्षिण एशियाई खेलों में दो घंटे 15 मिनट और 18 सेकंड का समय लिया था और उनके नाम हाफ मैराथन का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। करण ने हाल में वसई विरार मैराथन में दो घंटे 22 मिनट और 17 सेकंड का समय लिया था। महिलाओं में मुख्य मुकाबला 2018 के एशियाई खेलों में स्टेपलचेज में रजत पदक विजेता रही सुधा सिंह और मुंबई मैराथन में दो बार भारतीयों में शीर्ष पर रही ज्योति गावते के बीच होने की संभावना हैं।
हाफ मैराथन में पुरूषषों में कालीदास हिरवे और मान सिंह भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे जबकि महिलाओं में मंजू यादव और साईगीता नाइक के बीच मुख्य मुकाबला होने की संभावना है। मैराथन के शीर्ष तीन भारतीय को क्रमश: पांच लाख, चार लाख और तीन लाख रुपए की इनामी राशि दी जाएगी जबकि हाफ मैराथन में शीर्ष तीन में रहने वाले खिलाड़ियों को डेढ़ लाख, एक लाख और 75 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। कोर्स रिकॉर्ड बनाने वाले खिला़ि़डयों को दो लाख रुपए दिए जाएंगे।