अमित कुमार ने विश्व पैरा एथलेटिक्स में जीता रजत पदक
सुंदर सिंह गुर्जर ने शनिवार को पुरुषों की भाला फेंक एफ 46 स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया था। सरोहा ने इस प्रतियोगिता के पिछले सत्र में भी रजत पदक अपने नाम किया था।
लंदन, पीटीआइ : भारत के अमित कुमार सरोहा ने सोमवार को यहां विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुष वर्ग के क्लब थ्रो एफ 51 स्पर्धा में रजत पदक अपनी झोली में डाला। सरोहा का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 30.25 मीटर का रहा, जो उन्होंने तीसरे प्रयास में हासिल किया। जिसके कारण वह रजत पदक जीतने में सफल रहे।
इस प्रक्रिया में हरियाणा के इस पैरा एथलीट ने इस स्पर्धा में नया एशियाई रिकॉर्ड भी बना दिया। सर्बिया के जेल्जको दिमित्रिजेविच ने 31.99 मीटर के विश्व रिकॉर्ड से अपना खिताब कायम रखा। एक अन्य भारतीय धरमबीर 22.34 मीटर के थ्रो से 10वें स्थान पर रहे।
उनसे पहले सुंदर सिंह गुर्जर ने शनिवार को पुरुषों की भाला फेंक एफ 46 स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया था। सरोहा ने इस प्रतियोगिता के पिछले सत्र में भी रजत पदक अपने नाम किया था। वह 2014 इंचियोन एशियाई पैरा खेलों की इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। पैरालंपिक गेम्स (लंदन, 2012) में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके सरोहा को मंगलवार को डिस्कस थ्रो एफ 52 फाइनल में भाग लेना है।