अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पहली बार अमित खत्री ने जीता सिल्वर मेडल
एथलीट अमित खत्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नैरोबी के कसारानी स्टेडियम में अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 किलो मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीता। खत्री ने 4217.94 मिनट के समय के साथ रजत पदक जीता।
नैरोबी, आइएएनएस। भारतीय पैदल चाल एथलीट अमित खत्री ने शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए नैरोबी के कसारानी स्टेडियम में अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 किलो मीटर स्पर्धा में रजत पदक जीता। खत्री ने 42:17.94 मिनट के समय के साथ रजत पदक जीता। अंतिम दो लैप में केन्या के हेरिस्टोन वान्योनी के आगे निकलने से पहले वह इस स्पर्धा में सबसे आगे चल रहे थे। आखिरकार, वान्योनी ने 42:10.84 मिनट समय के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। स्पेन के पाल मैकग्राथ ने 42:31.11 मिनट के समय के साथ कांस्य पदक जीता।
अमित ने कहा, 'चूंकि यह ऊंचाई वाला स्थान है, इसलिए मेरे लिए सांस लेने में समस्या थी। यह मेरी पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थी और भारत के लिए रजत पदक जीता। मैं रजत से खुश हूं, कम से कम मैं भारत की उम्मीदों को पूरा कर सका।' यह मौजूदा प्रतियोगिता में भारत का दूसरा पदक है। इससे पहले बुधवार को भारत श्रीधर, प्रिया एच मोहन, सुमी और कपिल की भारतीय चौकड़ी ने चार गुणा 400 मीटर मिक्स्ड रिले फाइनल में सीजन बेस्ट 3:20.60 मिनट के साथ कांस्य पदक जीता था।
इस साल जनवरी में, खत्री ने भोपाल में जूनियर फेडरेशन कप में पुरुषों की 10 किलो मीटर पैदल चाल का खिताब जीतते हुए एक नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया था। रोहतक, हरियाणा से आने वाले खत्री ने 40:40.97 सेकेंड में दौड़ पूरी की थी। इस दौरान खत्री ने अक्षदीप सिंह के मौजूदा राष्ट्रीय रिकार्ड 40:37.78 मिनट में सुधार किया और राज्य के परमदीप मोर के रिकार्ड से लगभग आधा मिनट आगे रहते हुए फिनिश लाइन तक पहुंचे थे।