Move to Jagran APP

एशियन गेम्स: भारत के लिए शानदार रहा खेल का 12वां दिन, मिले दो गोल्ड मेडल

गुरुवार को भारत ने कुल पांच पदक जीते, जो सभी एथलेटिक्स में आए।

By Sanjay SavernEdited By: Published: Thu, 30 Aug 2018 09:28 PM (IST)Updated: Fri, 31 Aug 2018 10:20 AM (IST)
एशियन गेम्स: भारत के लिए शानदार रहा खेल का 12वां दिन, मिले दो गोल्ड मेडल
एशियन गेम्स: भारत के लिए शानदार रहा खेल का 12वां दिन, मिले दो गोल्ड मेडल

नई दिल्ली, जेएनएन। एशियन गेम्स में भारत ने गुरुवार को दोहरी स्वर्णिम सफलता हासिल की। दिन का पहला स्वर्ण 1500 मीटर स्पर्धा में जिंसन जॉनसन ने दिलाया तो उसके बाद चार गुणा 400 मीटर की स्पर्धा में महिला रिले टीम ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए लगातार पांचवां स्वर्ण पदक हासिल किया। गुरुवार को भारत ने कुल पांच पदक जीते, जो सभी एथलेटिक्स में आए। इसके साथ ही भारत के नाम इस एशियन गेम्स में 13 स्वर्ण, 21 रजत, 25 कांस्य सहित कुल 59 पदक हो गए हैं, जिससे भारत ने एशियन गेम्स में पिछली बार के इंचियोन के प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। इंचियोन में भारत ने 11 स्वर्ण, 10 रजत और 36 कांस्य पदक सहित कुल 57 पदक जीते थे।

loksabha election banner

महिला रिले टीम को स्वर्ण : भारतीय महिलाओं ने चार गुणा 400 मीटर रिले टीम स्पर्धा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए लगातार पांचवीं बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। भारतीय महिला टीम इन गेम्स की इस स्पर्धा में 2002 से लगातार स्वर्ण जीतती आ रही है और इस तरह से भारतीय महिला टीम ने अपना दबदबा एक बार फिर बरकरार रखा। इस बार स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम में हिमा दास, एमआर पूवम्मा, सरिताबेन गायकवाड़ और विस्माया वेलुवा कोरोथ शामिल थीं, जिन्होंने तीन मिनट और 28.72 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा का रजत बहरीन (3:30.61) और कांस्य पदक वियतनाम (3:33.23) ने जीता।

जॉनसन को सोना, मंजीत पदक से चूके : भारत के जिंसन जॉनसन ने पुरुषों की 1500 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। जॉनसन ने तीन मिनट 44.72 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। यह इस स्पर्धा में उनका दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया था। हालांकि, 800 मीटर में स्वर्ण पदक जीतने वाले मंजीत सिंह के लिए दिन अच्छा नहीं रहा और वह 1500 मीटर की स्पर्धा में पदक से चूक गए और तीन मिनट 46.57 सेकेंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे। ईरान के अमीर मोरादी (3:45.62) ने रजत और बहरीन के मुहम्मद तियोली (3:45.88) ने कांस्य पदक जीता।

चार गुणा 400 मीटर में पुरुष टीम को रजत : भारत ने पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। भारतीय टीम में कुन्हू मुहम्मद, धारुण अयासामी, मुहम्मद अनस और आरोकिया राजीव शामिल थे। भारतीय चौकड़ी ने तीन मिनट 01.85 सेकेंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण कतर (3:00.56) और कांस्य जापान (3:01.94) के नाम रहा। भारत पिछले एशियन गेम्स में इस स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहा था।

सीमा को कांसा : गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स की रजत पदक विजेता भारत की अनुभवी एथलीट सीमा पूनिया ने महिलाओं की चक्का फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। 35 साल की सीमा ने फाइनल में छह प्रयासों में से अपने तीसरे प्रयास में 62.26 मीटर की दूरी पर चक्का फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया। यह सीमा का एशियन गेम्स में दूसरा पदक है। उन्होंने इंचियोन में हुए पिछले एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। एक अन्य भारतीय महिला एथलीट संदीप कुमारी (54.61 मीटर) पांचवें नंबर पर रहीं। 25 वर्षीय संदीप ने पहले प्रयास में 53.20 और तीसरे प्रयास में 54.61 मीटर की दूरी फेंकी। उनका दूसरा प्रयास फाउल रहा। चीन की यांग चेन (65.12 मीटर) ने स्वर्ण और उनकी हमवतन बिन फेंग (64.25 मीटर) ने रजत पदक जीता।

चित्रा को कांस्य : भारतीय धाविका पीयू चित्रा ने महिलाओं की 1500 मीटर स्पर्धा में चार मिनट 12.56 सेकेंड का समय निकालकर कांस्य पदक हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण और रजत दोनों बहरीन के नाम गए। कालक्दिान बेफकाडु (4:07.88) ने स्वर्ण, तो उनके हमवतन तिगिस्त बेले (4:09.12) ने रजत पदक पर कब्जा जमाया।

हॉकी में हारे : गत चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए दिन निराशाजनक रहा और वह मलेशिया के खिलाफ पेनाल्टी शूटआउट के बाद सडन डेथ तक गए मुकाबले में 6-7 से हार गए। निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 से बराबरी पर था। भारत अब कांस्य पदक के लिए शनिवार को पाकिस्तान से भिड़ेगा।

 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.