अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति में शामिल होने वाली पहली भारतीय महिला बनीं नीता अंबानी
नीता अंबानी को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आइओसी) के सदस्य के रूप में चुन लिया गया है।
नई दिल्ली। उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी व रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक व चेयरपर्सन नीता अंबानी को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आइओसी) के सदस्य के रूप में चुन लिया गया है। वो इस समिति में शामिल होने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।
नीता अंबानी को जून में आइओसी की सदस्यता के लिए नॉमीनेट किया गया था। दिलचस्प बात ये रही कि ये फैसला रियो ओलंपिक से ठीक एक दिन पहले आया है। नियमों के मुताबिक इस समिति का एक बार सदस्य बनने के बाद वो सदस्य 70 की उम्र तक आइओसी में बरकरार रहता है। जमीनी स्तर पर भारत में फुटबॉल से लेकर बास्केटबॉल तक और शिक्षा व खेल के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए नीता अंबानी को ये सम्मान हासिल हुआ है।
रियो ओलंपिक की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
आपको बता दें कि नीता अंबानी एक वॉलंटियर सदस्य के तौर पर शामिल हुई हैं न कि आइओसी में भारत की प्रतिनिधित्वता को लेकर उनकी कोई भूमिका रहने वाली है। आइओसी ओलंपिक अभियान की सबसे प्रमुख संस्था है जो समर व विंटर ओलंपिक के साथ-साथ पैरालंपिक खेलों का भी आयोजन कराता है। इसका मुख्यालय स्विट्जरलैंड में स्थित है।