बीजद अध्यक्ष की पहल पर बैंक कर्मी को मिले चार कंघे
नगर अंतर्गत बारूपाड़ा बस्ती में रहने वाले 38 वर्षीय विजय एक्का की मौत बुधवार को हुई थी।
संसू, राजगांगपुर : नगर अंतर्गत बारूपाड़ा बस्ती में रहने वाले 38 वर्षीय विजय एक्का की मौत बुधवार को हुई थी। घर में सिर्फ पत्नी और उनकी दो बेटियां हैं। एक दस वर्ष और दूसरी आठ वर्ष की है। विजय एक्का की मौत के बाद बस्ती के लोग व परिजन संस्कार के लिए आगे नहीं आए। आधा दिन बीत जाने के बाद इसकी जानकारी बीजद के नगर अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा को मिली। वह तत्काल बारूपाड़ा पहुंचकर घर पर मृत पड़े विजय एक्का के अंतिम संस्कार का बंदोबस्त कर पीपीई किट की व्यवस्था कराई। साथ ही अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ मिशन हाता स्थित कब्रिस्तान में उन्हें दफनाया गया। विजय एक्का शहर के मुख्य मार्ग में स्थित उत्कल ग्राम्य बैंक में कार्यरत थे। उनके अंतिम संस्कार के बीजद के विश्व प्रकाश बेहरा उर्फ सिपुन, अजित टोप्पो, सुजीत एक्का, सूरज एक्का, अरबास मिज,राठी एक्का, सोनू नाग उपस्थित थे। कसड़ा पंचायत माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित : बणई ब्लाक के कसड़ा पंचायत क्षेत्र में कोरोना मरीज पाए जाने के बाद क्षेत्र को 23 मई तक के लिए कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में लोगों का नमूना लेकर जांच की जा रही है एवं बाहरी लोगों के आने जाने पर पाबंदी लगाई गई है।
कसड़ा पंचायत क्षेत्र में कोरोना मरीज मिलने के बाद उपजिलापाल प्रदीप डांग ने माइक्रो कंटेनमेंट जोन की घोषणा की। कसड़ा के साथ मझीसाइ, उपरसाइ, किसान साइ, गौड़ साइ, ताल साइ, काठफाल, भोइडीह गांवों को इसमें शामिल किया गया है। 23 मई तक इलाके में कोरोना प्रतिबंध जारी रहेगा। अत्यावश्यक सेवा को छोड़ कर सब कुछ बंद रखा गया है। कसड़ा पंचायत के कार्यपालक अधिकारी रत्नमंजरी तांती को नोडल आफिसर बनाया गया है।