अंधारी की महिलाओं ने लिया जंगल रक्षा का संकल्प
कुआरमुंडा ब्लाक के अंधारी पंचायत की महिलाओं ने मंगलवार को सामूहिक रक्षा बंधन उत्सव मनाने के साथ जंगल की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए पेड़ों को राखी बांधी।
संवादसूत्र, बीरमित्रपुर : कुआरमुंडा ब्लाक के अंधारी पंचायत की महिलाओं ने मंगलवार को सामूहिक रक्षा बंधन उत्सव मनाने के साथ जंगल की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए पेड़ों को राखी बांधी। साथ ही उजड़े जंगल को फिर से हराभरा बनाने के लिए पौधारोपण किया। वन विभाग की ओर से सहयोग किया गया। अंधारी पंचायत के बांकी गांव के लोग वर्षों से तीन दिनों तक रक्षा बंधन का त्योहार मनाते रहे हैं। पूर्णिमा के दिन घरों में पर्व मनाते हैं जबकि दूसरे दिन जंगल की सुरक्षा का काम करते हैं। इसी परंपरा को बरकरार रखते हुए गांव की महिलाएं मंगलवार को पास के जंगल जाकर पेड़ों को भाई मानकर रक्षा सूत्र बांधा तथा उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। इसके बाद पास की खाली जमीन पर पौधारोपण किया। दोपहर 12 बजे से शाम तक इलाके में विभिन्न प्रकार के 15 सौ से अधिक पौधे लगाए गए। रेंज अधिकारी नूतन हेंब्रम, फॉरेस्टर दुखू किसान प्रमुख ने सहयोग किया।