वरिष्ठ नागरिकों ने मनाया शुष्क व सूखा दिवस
संवाद सूत्र, सुंदरगढ़: वरिष्ठ नागरिक संघ ने स्थानीय विनोदन केंद्र में विश्व शुष्क एवं सूखा दिवस मनाय
संवाद सूत्र, सुंदरगढ़: वरिष्ठ नागरिक संघ ने स्थानीय विनोदन केंद्र में विश्व शुष्क एवं सूखा दिवस मनाया। संघ के अध्यक्ष डा. हिमांशुशेखर गुरु की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शामिल लोगों ने भावी पीढ़ी के लिए सभी को अभी से जागने का आह्वान किया।
एनटीपीसी के महाप्रबंधक चितरंजन बारीक ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि हम पृथ्वी से जो भी ले रहे हैं उसे बदले में शुष्क एवं सूखा ही देते हैं। उन्होंने खाली जगहों पर अधिक से अधिक पेड़ लगाने पर जोर दिया ताकि धरती में नमी बनी रहे। उन्होंने कहा कि देश में हर साल एक व्यक्ति एक पेड़ लगाकर उसकी देखभाल करते हैं तो 130 करोड़ पेड़ लगाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब से ही मनुष्य यदि सतर्क नहीं हो शुष्क व सूखा भयावह होगा एवं भावी पीढ़ी हमें इसके लिए माफ नहीं करेगी।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डीएफओ डा. अरुण कुमार मिश्र ने शुष्कता एवं सूखे के कई कारण बताए तथा प्रोजेक्टर के माध्यम से इसकी जानकारी लोगों को दी। उन्होंने वन विभाग की ओर से चलाए जा रहे व्यापक पौधरोपण अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने जल संरक्षण के लिए गड्ढे खोदने तथा अधिक से अधिक पौधरोपण करने पर जोर दिया। अंत में पद्मलोचन सर्राफ ने मेरी मिट्टी, मेरा पानी, मेरा भविष्य का स्लोगन दिया। राजेश रंजन समेत संघ के अन्य लोगों ने इसके संचालन में सहयोग किया।