छात्रा से दुर्व्यवहार के मामले में प्राचार्य गिरफ्तार
अंचल स्थित एक उच्च विद्यालय में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से दुर्व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने आरोपित प्राचार्य जुमुति किशोर दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
संसू, राजगांगपुर : अंचल स्थित एक उच्च विद्यालय में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा से दुर्व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने आरोपित प्राचार्य जुमुति किशोर दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस संबंध में पीड़िता की ओर से राजगांगपुर थाना में प्राचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पीड़िता की ओर से बताया गया है कि छह अक्टूबर को महालया की छुट्टी के दौरान प्राचार्य जुमुति किशोर दास ने टयूशन के समय से पहले छात्रा को झाड़ू पोछा लगाने के बहाने स्कूल में बुलवाया था। अन्य छात्राओं के आने के पहले मौके का फायदा उठाते हुए प्राचार्य ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। छात्रा किसी तरह उनके चंगुल से अपने को बचाते हुए निकल भागी और घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। इसके बाद परिवार वाले ग्रामीणों के साथ राजगांगपुर थाना में जाकर प्राचार्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके आधार पर थाना प्रभारी बिवत्स कुमार ने घटना की जांच की और मामला सही पाए जाने पर आरोपित प्राचार्य जुमुति कुमार दास को रविवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास में नृत्य शिक्षक गिरफ्तार : नृत्य सिखाने के बहाने 13 वर्षीय छात्रा को घर में बुलाकर दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में 26 वर्षीय नृत्य शिक्षक अनिल पालिया को जलदा चौकी पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। फर्टिलाइजर अंचल के नयाडेरा इलाके में रहने वाला अनिल पालिया बच्चों को नृत्य सिखाता है। उसने एक 13 साल की छात्रा को नृत्य सिखाने के बहाने अपने घर बुलाया एवं उसके साथ अश्लील हरकत एवं दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा किसी तरह उससे बचकर निकल गई। आरोपित ने उसे परिवार वालों को नहीं बताने के लिए दबाव डालने लगा पर छात्रा ने इस संबंध में अपने परिवार वालों को जानकारी दे दी। इस संबंध में जलदा पुलिस चौकी में शिकायत के बाद आरोपित को पकड़ा गया।