चीत्कार के बीच पांचों महिलाओं का हुआ अंतिम संस्कार
सड़क हादसे में पांच महिला श्रमिकों की मौत पर सुंदरगढ़ उपजिलाधीश सहित राजगांगपुर विधायक डॉ. राजन एक्का एवं पूर्व विधायक मंगला किसान के हस्तक्षेप करने के बाद मुआवजे पर सहमति बनी।
संवादसूत्र, राजगांगपुर : सड़क हादसे में पांच महिला श्रमिकों की मौत पर सुंदरगढ़ उपजिलाधीश सहित राजगांगपुर विधायक डॉ. राजन एक्का एवं पूर्व विधायक मंगला किसान के हस्तक्षेप करने के बाद मुआवजे पर सहमति बनी। शनिवार को सभी का पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में राजाबासा गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
शनिवार की सुबह मृतकों के परिजनों के साथ विधायक डॉ. राजन एक्का एवं उनके सहयोगी महेंद्र सिंह राजगांगपुर सरकारी अस्पताल एवं राउरकेला सरकारी अस्पताल गये और शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले किया गया। शाम को पांचों का शव उनके गांव राजाबासा लाया गया एवं एक साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम दर्शन के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा एवं गमगीन माहौल में उनका संस्कार किया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक साथ पांच-पांच शवों को देखकर सभी के आंखें नम थी। मृतकों के छोटे बच्चों को रोते बिलखते देख लोगों का दिल पसीज गया। इस अवसर पर वहां मौजूद राजगांगपुर विधायक राजन एक्का ने परिजनों को ढांढस बंधाया।