कोरोना से दिवंगत लोगों की सदगति के लिए महायज्ञ
कोरोना महामारी से संक्रमित होकर अपनी जान गंवाने वाले लोगों की सदगति के लिए गुरुवार को विश्व हिन्दू परिषद की ओर से पूरे देश में महायज्ञ और गायत्री महामंत्र का जाप किया गया।
संसू राजगांगपुर : कोरोना महामारी से संक्रमित होकर अपनी जान गंवाने वाले लोगों की सदगति के लिए गुरुवार को विश्व हिन्दू परिषद की ओर से पूरे देश में महायज्ञ और गायत्री महामंत्र का जाप किया गया। इस कड़ी में शहर में विश्व हिदू परिषद, बजरंग दल,धर्म प्रसार और भाजपा की तरफ से वार्ड नंबर सात के गोशाला पाड़ा के समीप जन सेवा केंद्र में महायज्ञ सहित गायत्री महामंत्र का जाप किया गया। इसमें कोरोना से मुक्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। शाम सात बजे तक चले इस अनुष्ठान में विहिप के विश्वंभर नाथ मिश्रा, संदीप दास, जितेंद्र शर्मा, अमित शेखर देव सहित भाजपा के राजन सोनी प्रमुख शामिल थे। टिकाटोली में हाथियों ने मचाया उत्पात : कुआरमुंडा ब्लाक अंतर्गत मझापाड़ा पंचायत के दंडपानी एवं टिकाटोली में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के द्वारा दो घरों को तोड़ कर अनाज खाने के साथ ही नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने किसी तरह हाथियों को शंख नदी पार खदेड़ा। वन विभाग को इसकी सूचना देने के साथ ही प्रभावित लोगों की सहायता शीघ्र करने की मांग की गई है। कुआरमुंडा ब्लाक के मझपाड़ा पंचायत के दांडपानी गांव में गुरुवार की रात को दो हाथी पहुंचे। यहां पहानटोली में अमीना बिलुंग के दो घरों को तोड़ कर वहां रखा अनाज चट कर गए। परिवार के लोग किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे। यहां से खदेड़े जाने पर हाथी दंडपानी गांव के टिकाटोली पहुंचे। यहां एतवा बड़ाइक के घर की दीवार तोड़ने के साथ ही दो बोरे में भरकर रखा धान का बीज खा गए। हाथियों के द्वारा घर में रखे सामान को भी क्षति पहुंचायी गई। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें खदेड़ कर शंख नदी पार खदेड़ा। हाथी केलामुंडा के रास्ते से होकर झारखंड सीमा की ओर चले गए। इसकी सूचना वन विभाग दी गई है। विभाग की ओर से क्षति का आकलन कर मुआवजा देने का भरोसा दिया गया है।