कुकुडा गेट को फ्लाई ओवर का इंतजार
बंडामुंडा के कुकुड़ा रेल फाटक को विगत चार साल से रेलवे फ्लाई
संवाद सूत्र, बंडामुंडा:
बंडामुंडा के कुकुड़ा रेल फाटक को विगत चार साल से रेलवे फ्लाई ओवर का इंतजार है। दक्षिण-पूर्व रेलवे के चीफ इंजीनियर ने चार वर्ष पूर्व यहां पर फ्लाई ओवर को जरूरी बताकर प्रस्ताव दिया था। लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी अब यहां पर फ्लाई ओवर बनाने के लिये एक ईंट तक नहीं लगी है। जिससे यहां के स्थानीय निवासियों में रोष देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि बिसरा नागरिक समिति के महाचिव ए. कादिर ने बीरमित्रपुर विधायक जार्ज तिर्की तथा दक्षिण-पूर्व रेलवे जोन के पदाधिकारियों को खत लिखकर कुकुड़ा रेलवे गेट में लगने वाले जाम से अवगत कराया था। इसका समाधान करने के लिए यहां पर फ्लाई ओवर बनाने की मांग की थी। जिसमें जोन के चीफ ब्रिज इंजीनियर सुधीर पवार ने पत्र जारी कर माना था कि कुकुड़ा रेलवे फाटक के कारण वहां जाम लगने से लोगों को परेशानी हो रही है। इसके लिये यहां लिखित पत्र जारी कर जल्द ही फ्लाई ओवर बनाने का भरोसा दया था। जिसमें इसका निर्माण पीपीपी मोड में होना था। इसके लिए राज्य सरकार ने भी आधा खर्च वहन करने को लेकर रेलवे प्रशासन को खत लिखा था। लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी अब यहां पर फ्लाई ओवर बनने का काम शुरू नहीं हो सका है। जिससे इस गेट के पास प्रत्येक दिन जाम की स्थिति के साथ यातायात की समस्या भी देखी जाती है। इस फाटक से होकर अक्सर ट्रेनों के गुजरने से यह गेट अक्सर बंद रहने से लोगो को परेशानी होती है। बिसरा नागरिक समिति ने इस समस्या का समाधान करने के लिए यहां पर जल्द से जल्द फ्लाई ओवर बनाने का काम शुरू करने की मांग रेलवे प्रबंधन सह राज्य सरकार से की है।