राजगांगपुर में चला कोविड नियम जांच अभियान
शहर में नगरपालिका की स्क्वायड टीम एवं प्रशासनिक टीम कोविड-19 नियम को लेकर सख्ती बरत रही है।
संसू, राजगांगपुर : शहर में नगरपालिका की स्क्वायड टीम एवं प्रशासनिक टीम कोविड-19 नियम को लेकर सख्ती बरत रही है। मास्क पहनने एवं शारीरिक दूरी नियम का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ दोनों विभाग कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को बस स्टैंड से लेकर सुभाष चौक तक चले जांच अभियान में टीम ने बगैर मास्क लगाए व भीड़ लगाने वालों से साढ़े 15 हजार रुपये वसूल किया। नगरपालिका के नोडल पदाधिकारी ए पाणिग्राही ने बताया कि मेन रोड से सुभाष चौक तक 10 दुकानदारों को बिना मास्क और शारीरिक दूरी नियम का उल्लघन करते पकड़ा गया तथा 15 हजार पाच सौ रुपये जुर्माना वसूला गया।
उल्लेखनीय है कि अनलॉक-4 में पहली दिसंबर से लॉकडाउन समेत नाइट कर्फ्यू हटा लिया गया है। इन दिनों कंबल की बिक्री को लेकर गांव-देहात से बड़ी संख्या में लोग शहर पहुंच रहे हैं। शहर में कंबल खरीदारी को लेकर आ रहे लोग खुलेआम शारीरिक दूरी नियम का उल्लंघन कर रहे हैं जिससे शहर में कोरोना फैलने का खतरा उत्पन्न हो रहा है। इसी के मद्देनजर नगर पालिका व प्रशासन की ओर से जांच अभियान शुरू किया गया है। इसमें पहले ही दिन महीनों से बंदी की मार झेल रहे 10 दुकानदरों पर गाज गिर गई।