राजगांगपुर रेलवे स्टेशन का वाटर कूलर खराब, प्याऊ में नहीं है पानी
राजगांगपुर स्टेशन परिसर पर लगा वाटर कूलर काफी समय से खराब पड़ा हैं। डालमिया सीमेंट व मारवाड़ी संस्था द्वारा लगाए गए प्याऊ भी देखरेख के अभाव में खराब पड़े है।
संसू, राजगांगपुर : राजगांगपुर स्टेशन परिसर पर लगा वाटर कूलर काफी समय से खराब पड़ा हैं। डालमिया सीमेंट व मारवाड़ी संस्था द्वारा लगाए गए प्याऊ भी देखरेख के अभाव में खराब पड़े है। यहां तक कि स्टेशन में रेलवे की तरफ से लगे नल में भी एक बूंद पानी नहीं निकल रहा। पिछले कई महीनों से स्टेशन में यात्रियों को पानी की समस्या से परेशान होना पड़ रहा है। प्लेटफार्म नंबर एक पर मारवाडी़ संस्था द्वारा लगाए गए प्याऊ के सारे नल देखरेख के अभाव में क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर डालमिया सीमेंट द्वारा लगाया गया वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है। अभी तक प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। दो महीने बाद गर्मी का मौसम दस्तक देने वाला है। अगर समय पर विभिन्न संस्था सहित रेलवे द्वारा स्टेशन परिसर में लगाए गए नल ठीक नहीं किए गए तो गर्मियों में रेल यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे स्टेशन भले ही भारतीय रेल की दृष्टि से महत्वपूर्ण और राजस्व देने वाला हो। लेकिन यहां पर सुविधा न मिलने से यात्रियों को निराश होना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन पर विभिन्न संस्था द्वारा पेयजल व्यवस्था के लिए स्टैंड तो बना दिए गए हैं। लेकिन इनमें पानी नहीं आने से लोगों को भटकना पड़ता है। कई बार ऐसा भी देखा गया है। ट्रेन देरी से चलने पर नगरीय क्षेत्र के यात्री तो अपने घर लौट जाते हैं। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले यात्रियों को मजबूरी में ही स्टेशन पर ही रुकना पड़ता है। इससे उन्हें दिक्कतों का समाना करना पड़ता है। शहर वासियों का कहना है राजगांगपुर रेलवे स्टेशन में लगे सारे नल खराब है। इन्हें जल्द से जल्द ठीक करने की जरूरत है। संस्थाएं प्याऊ और वाटर कूलर तो लगा देते हैं पर उसकी देख रेख करना भूल जाते हैं।